मैनपुरी के थाना बिछवां क्षेत्र में पुलिस द्वारा मुठभेड़ में पकड़ा गया 50 हजार का इनामी अपराधी का गैंग लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम देता था। वर्ष 2017 में नोएडा में एक डकैती के दौरान लोन दिलाने वाले एक व्यक्ति सहित तीन लोगों की हत्या की गई थी। इसके अलावा जनपद पुलिस को भी आरोपी की तलाश थी।
शुक्रवार को बिछवां पुलिस द्वारा करीमगंज के पास मुठभेड़ में पकड़ा गया बरनाहल क्षेत्र के गांव भदौलपुर निवासी दीवान उर्फ पुनीत जनपद के दन्नाहार, बरनाहल, करहल थाना पुलिस के अलावा फिरोजाबाद, नोएडा पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि दीवान ने वर्ष 2017 में अपने गैंग के यादवेंद्र उर्फ मोना, गौरव, संदीप उर्फ सनी, अजीत आदि के साथ नोएडा के फेस-3 में एक लोन दिलाने वाले शख्स के पास 50 लाख रुपये होने की सूचना पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था, लेकिन इस दौरान फायरिंग हो गई थी, इसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी।