आगरा में जिम संचालक के भाई के शोषण से आहत 27 वर्षीय युवती ने सोमवार दोपहर को सदर स्थित घर में फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। परिजन के मुताबिक, बेटी ने सुसाइड नोट छोड़ा है। इसमें जिम संचालक के भाई को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। उसने उसे प्यार में धोखा दिया। मानसिक शोषण कर रहा था। इससे परेशान होकर ही उसने आत्मघाती कदम उठाया। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
सदर निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करता है। सोमवार को वह सिकंदरा गया था। घर में छोटी बहन अकेली थी। दोपहर दो बजे वह घर लौटा तो बहन दरवाजे के ऊपर जंगले से दुपट्टे से बने फंदे पर लटकी हुई थी। उसे नजदीक के अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घर में एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें बहन ने अपनी मौत के लिए जिम संचालक के भाई अंकित शर्मा को जिम्मेदार ठहराया है। सूचना पर आई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवती के भाई ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की तहरीर दी है।