आगरा ब्लॉक अकोला की ग्राम पंचायत मनकेड़ा में स्नातक के छात्र रजत चाहर को सांप ने पिछले 10 दिनों में पांच बार डंसा है। परिवार सहित गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो चुका है। हर कोई रजत के परिजनों से मिलने पहुंच रहा है और रजत का हाल-चाल जान रहा है। आखिर इस रहस्यमई घटना के पीछे क्या कारण है? ये तो किसी की समझ में नहीं आ रहा, लेकिन फ़िलहाल दहशत की वजह से परिवार गंगा मैया की शरण पहुंच गया है।
आखरी बार रजत को सांप ने 14 सितंबर को डसा था, जिसके बाद पीड़ित परिवार अपने कुल गुरु से मिला। परिवार को बताया गया कि उनके बेटे पर पितृ दोष है, जिसकी वजह से उनके सामने यह समस्या बनी हुई है। गंगा स्नान करें तो इस परेशानी से निजात मिल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए परिवार सोरों जी घाट और मां गंगा के चरणो में अपने लाडले रजत के जीवन को बचाने के लिए स्नान करने के लिए पहुंच गया। रजत के साथ उसके दादा कुंवर सेन चाहर, सोबरन सिंह, राजेंद्र सिंह, मांगेलाल, शिवकुमार कुलदीप सिंह, अजीत चाहर भी हैं।