मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन से 23 अगस्त की रात को चोरी हुए बच्चे को हाथरस के बांके बिहारी हॉस्पिटल से चलाए जा रहे बच्चा चोर गिरोह ने उठाया था। पहले उस बच्चे को मथुरा से हाथरस हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां पर उसका चिकित्सकीय परीक्षण किया गया और अगले दिन फिरोजाबाद की भाजपा पार्षद को दो लाख रुपये में बेच दिया। 28 अगस्त की रात को बच्चे को जीआरपी ने पार्षद के घर से बरामद कर लिया। पुलिस ने डॉक्टर दंपती समेत आठ लोग गिरफ्तार किए गए हैं। एसपी जीआरपी मोहम्मद मुश्ताक ने सोमवार को जंक्शन पर प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा किया। इस मामले में कुल आठ अभियुक्तों को जेल भेजा गया है।
एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि बच्चा चोर गिरोह का सदस्य दीप कुमार शर्मा मथुरा जंक्शन से फरह के परखम निवासी राधा के सात माह के बच्चे संजय को उठाकर ले गया था। उसने हाथरस के हॉस्पिटल के लिए बच्चा चोरी गिरोह के लिए काम करने वाली एएनएम पूनम और विमलेश थाना हाथरस से बात की।