Ayushman Bharat Yojana: देश में हर साल बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में कई लोगों की जान चली जाती है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण ये लोग किसी प्रकार की गंभीर बीमारी होने पर अपना ठीक ढंग से इलाज नहीं करा पाते हैं। इसी समस्या को देखते हुए भारत सरकार ने कुछ सालों पहले आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत की थी। इस स्कीम को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के नाम से भी जाना जाता है।
आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत भारत सरकार देश के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान कर रही है। इस स्कीम का लाभ लेकर गरीब लोग किसी प्रकार की गंभीर बीमारी होने पर अपना पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा सकते हैं। आयुष्मान भारत योजना भारत सरकार की एक जनकल्याणकारी योजना है।