US India Tariff Issue: ट्रंप प्रशासन ने भारत से आयात होने वाले सामानों पर कुल 50 प्रतिशत का टैरिफ लगाने की बात कही थी। ये नए शुल्क 27 अगस्त को रात 12:01 मिनट से लागू हो जाएंगे। अगस्त महीने की शुरुआत में डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर रूसी तेल खरीदने का हवाला देते हुए 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। भारत पर 50 प्रतिशत का टैरिफ लगाया जाना केवल एक व्यापारिक निर्णय तक सीमित नहीं है बल्कि यह एक फाइनेंशियल अटैक है, जो सीधे तौर पर भारतीय बाजार और कंपनियों पर असर डालेगा।
चुनावी कैंपेन के समय से ही ट्रंप यह कहते आ रहे थे कि भारत अमेरिका के सामानों पर अतिरिक्त टैरिफ लगाता है। इसके अलावा उनका यह भी कहना था कि अमेरिकी कंपनियों को भारत में सामान बेचने पर कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं इसके अलावा बीते वर्षों में भारत का रूस से बड़े पैमाने पर तेल का खरीदना भी अमेरिका को पसंद नहीं आ रहा है। इन्हीं सब कारणों का हवाला देते हुए अमेरिका ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी है।