वर्तमान समय में डिजिटल लेन-देन के बढ़ते दौर में साइबर ठगी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। बीते वर्षों में देश के कई राज्यों से ऐसी शिकायतें सामने आई हैं, जहां जालसाजों ने मोबाइल कॉल, फिशिंग लिंक या नकली कस्टमर केयर के नाम पर लोगों के बैंक खाते से पैसे निकाले हैं। इस तरह के साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर कई बार लोग घबराहट में तुरंत बैंक या पुलिस को सूचना नहीं दे पाते।
इस कारण ठगों को पैसे दूसरे खातों में भेजने का मौका मिल जाता है। इस तरह की घटनाओं को देखते हुए भारत सरकार ने साइबर ठगी से निपटने के लिए एक खास तरह का हेल्पलाइन नंबर 1930 जारी कर रखा है। इस नंबर पर कॉल करके आप तुरंत अपने साथ हुए साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज करा सकते हैं।