Ayushman Bharat Yojana: देश के 70 साल से अधिक उम्र के करोड़ों बुजुर्गों के लिए बड़ी खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा कवर की शुरुआत 29 अक्तूबर से कर सकते हैं। सरकार के इस फैसले से 4.5 करोड़ परिवारों के लगभग 6 करोड़ नागरिकों को लाभ मिलेगा।
इस योजना का लाभ लेने के बाद 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र का कोई भी वरिष्ठ नागरिक आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में अपना पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा सकेगा। आयुष्मान भारत योजना को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के नाम से भी जाना जाता है। स्कीम के अंतर्गत 1 सितंबर, 2024 तक कुल 29,648 अस्पताल सूचीबद्ध हैं। इसमें 12,696 निजी अस्पताल शामिल हैं। योजना दिल्ली, ओडिशा और पश्चिम बंगाल को छोड़कर देश के 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में लागू की जा रही है।