भारत की अर्थव्यवस्था का एक बड़ा भाग कृषि क्षेत्र पर आधारित है। इस कारण देश में करोड़ों लोगों की आजीविका का मुख्य स्रोत कृषि है। आजादी के बाद से भारत सरकार कृषि क्षेत्र के विकास के लिए कई स्तरों पर काम कर रही है। हालांकि, देश में आज भी करोड़ों किसान ऐसे हैं, जो आर्थिक रूप से काफी कमजोर हैं। किसानों को आर्थिक स्तर पर सशक्त करने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें कई शानदार योजनाओं का संचालन कर रही हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना भी इनमें से एक है। इस योजना के अंतर्गत भारत सरकार देश में गरीब किसानों को हर साल 6 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है। 6 हजार रुपये की वित्तीय सहायता को सालाना तीन किस्तों के रूप में जारी किया जाता है। अब तक सरकार इस योजना की कुल 18 किस्तों को जारी कर चुकी है।