देशभर के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी खबर है। भारत सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 13वीं किस्त जारी कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के बेलगावी में देशभर के 8 करोड़ से ज्यादा किसानों के खाते में डीबीटी माध्यम से 16 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि को ट्रांसफर किया। देशभर में बीते लंबे समय से करोड़ों किसान पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 13वीं किस्त का इंतजार कर रहे थे। उनका यह इंतजार आज खत्म हो गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना भारत सरकार द्वारा किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए चलाई जा रही एक महत्वाकांक्षी स्कीम है। इसके अंतर्गत हर साल किसानों के खाते में 3 किस्त के माध्यम से 6 हजार रुपये की राशि को ट्रांसफर किया जाता है।