PM Kisan 21st Installment: केंद्र सरकार ने पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के 27 लाख से ज्यादा किसानों के खाते में 21वीं किस्त जारी कर दी है। इस दौरान 540 करोड़ रुपये की धनराशि किसानों के खाते में ट्रांसफर की गई। 21वीं किस्त का लाभ उन्हीं किसानों को दिया गया है, जो बाढ़ से प्रभावित थे। इस दौरान उत्तराखंड के लगभग 7 लाख किसानों के खाते में 157 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भेजी गई।
हिमाचल प्रदेश के करीब 8 लाख किसानों को 160 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। इसके अलावा पंजाब के 12 लाख किसानों के खाते में लगभग 223 करोड़ रुपये भेजे गए। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत हर साल देश के किसानों को 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन किस्तों के माध्यम से भेजी जाती है। प्रत्येक किस्त के अंतर्गत 2 हजार रुपये की धनराशि किसानों के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर की जाती है।