घर में नल खोलते ही अगर पानी की तेज धार के बजाय बूंद-बूंद या बेहद पतला फ्लो आने लगे, तो परेशानी होना स्वाभाविक है। खासकर सुबह के समय यह समस्या ज्यादा महसूस होती है। हालांकि, हर बार कम पानी आने का मतलब बड़ी खराबी नहीं होता। कई बार इसकी वजह ऐसी होती है, जिसे थोड़ी जांच और सफाई से घर पर ही दूर किया जा सकता है। तो आज की इस खबर में हम भी आपको नल से कम पानी आने के समाधान को लेकर विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सबसे पहले नल का एरेटर जांचें
नल के बिल्कुल मुंह पर लगा छोटा जालीदार हिस्सा एरेटर कहलाता है। पानी के साथ आने वाली रेत, धूल, जंग और छोटे कण इसमें फंसते रहते हैं। समय के साथ गंदगी जमा होने से पानी निकलने की जगह कम हो जाती है और धार कमजोर पड़ जाती है। ऐसे में एरेटर को खोलकर साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। अगर गंदगी आसानी से न निकले तो इसे कुछ समय सिरके में भिगोकर ब्रश से साफ किया जा सकता है। सफाई के बाद इसे वापस लगाने पर पानी का फ्लो काफी हद तक सामान्य हो सकता है।