भारतीय रेलवे की गिनती दुनिया के बड़े रेल नेटवर्कों में की जाती है। हर रोज भारतीय ट्रेनों में करोड़ों यात्री सफर करते हैं। ये ट्रेनें देश के लगभग हर प्रमुख स्थानों को एक दूसरे से जोड़ने का काम करती हैं। भारतीय रेलवे तेजी से देश में ट्रेनों के आधुनिकीकरण पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में भारतीय रेलवे पारंपरिक डीजल और इलेक्ट्रिक इंजनों से एक कदम आगे बढ़कर देश में हाइड्रोजन ट्रेन को शुरू करने वाला है। इसे भविष्य की ट्रेन कहा जा रहा है। इस ट्रेन की खास बात यह है कि इसको चलाने के लिए डीजल और कोयले की जरूरत नहीं होगी। इस ट्रेन में हाइड्रोजन का उपयोग ईंधन के रूप में किया जाएगा। ये ट्रेनें पर्यावरण अनुकूल हैं। इनको इस्तेमाल में लाए जाने पर प्रदूषण नहीं होगा।