आईआरसीटीसी एप पर तत्काल ट्रेन टिकट को बुक करना काफी चुनौती भरा काम होता है। कई बार तेज इंटरनेट कनेक्शन और पहले से ही मास्टर लिस्ट में पैसेंजर को एड करने के बाद भी तत्कल टिकट बुक नहीं हो पाता है। यात्रियों की इसी समस्या को देखते हुए भारतीय रेलवे तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। इस बदलाव के तहत जल्द ही टिकट बुकिंग के समय ई-आधार का वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा। हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्स पर इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि इस नियम से जरूरतमंद और सही यात्रियों को फायदा होगा और उन्हें यात्रा करने के लिए कंफर्म टिकट मिलेगी। रेलवे द्वारा बदले जा रहे इस नियम से एजेंट्स की धांधली, फर्जी आईडी और बॉट्स पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।