फ्लोरिडा में ताजा कार हादसे के बाद टाइगर वुड्स दूसरी बार नशे में ड्राइविंग के शक में गिरफ्तार हुए। यह उनका चौथा बड़ा हाई-प्रोफाइल सड़क हादसा रहा। 2009, 2017 और 2021 की पुरानी घटनाएं फिर चर्चा में हैं, जिन्होंने उनके करियर और निजी जिंदगी दोनों को गहराई से प्रभावित किया।
दिग्गज गोल्फर टाइगर वुड्स एक बार फिर सड़क हादसे और कानूनी विवादों के कारण सुर्खियों में हैं। फ्लोरिडा में शुक्रवार को हुए कार हादसे के बाद उनकी गिरफ्तारी ने उनके पिछले हाई-प्रोफाइल एक्सीडेंट्स की याद ताजा कर दी है। टाइगर वुड्स का नाम कभी गोल्फ की महानता, अनुशासन और जीत का पर्याय माना जाता था, लेकिन पिछले करीब 17 वर्षों में उनकी जिंदगी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसने उन्हें सिर्फ खेल के नहीं बल्कि विवादों, हादसों और निजी संघर्षों का भी चेहरा बना दिया।
उनकी कहानी को अक्सर ट्रैजिक डाउनफॉल यानी एक महान खिलाड़ी के दर्दनाक पतन के रूप में देखा जाता है। हालांकि, यह पतन सिर्फ एक घटना से नहीं, बल्कि निजी जिंदगी के खुलासों, गंभीर चोटों, कानूनी मुश्किलों और मानसिक दबाव समेत कई कारणों से बना। मौजूदा कार हादसा उनके करियर का चौथा बड़ा गाड़ी से जुड़ा हादसा और दूसरी बार DUI (ड्राइविंग अंडर इन्फ्लुएंस) यानी नशे में ड्राइविंग के शक में गिरफ्तारी रही। आइए उनकी कहानी और विवादों के बारे में जानते हैं...
विज्ञापन
2 of 13
टाइगर वुड्स
- फोटो : ANI
टाइगर वुड्स का शुरुआती जीवन
टाइगर वुड्स का जन्म 30 दिसंबर 1975 को अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के साइप्रस शहर में हुआ था, जो लॉस एंजिलिस का एक उपनगर है। उनका पूरा नाम एल्ड्रिक टॉन्ट वुड्स है। वह अपने माता-पिता अर्ल वुड्स और कुल्टिडा टिडा वुड्स की इकलौती संतान थे। टाइगर के पिता अर्ल वुड्स की पहली शादी से उन्हें दो सौतेले भाई और एक सौतेली बहन भी हैं। अर्ल वुड्स अमेरिका की सेना के रिटायर्ड अधिकारी थे। उनकी मां कुल्टिडा मूल रूप से थाईलैंड की थीं। कुल्टिडा की मुलाकात अर्ल से 1968 में उनके सैन्य कार्यकाल के दौरान हुई थी। कुल्टिडा थाई, चीनी और डच मूल की थीं। टाइगर वुड्स ने अपनी मिश्रित नस्लीय पहचान को कैब्लिनेशियन नाम दिया था। यह शब्द उन्होंने खुद बनाया था, जो कॉकाशियन, ब्लैक, अमेरिकन इंडियन और एशियन शब्दों को मिलाकर बना है।
टाइगर की मां ने उनका पहला नाम एल्ड्रिक इसलिए चुना क्योंकि यह ई (अर्ल) से शुरू होता है और के (कुल्टिडा) पर खत्म होता है। उनका मिडिल नेम टॉन्ट एक पारंपरिक थाई नाम है। उन्हें टाइगर उपनाम उनके पिता के एक करीबी दोस्त, दक्षिण वियतनाम के कर्नल वुओंग डैंग फोंग, के सम्मान में दिया गया था, जिन्हें भी टाइगर कहा जाता था। टाइगर की भतीजी चेयेन वुड्स भी प्रोफेशनल गोल्फर हैं। टाइगर वुड्स के पिता अर्ल वुड्स का निधन तीन मई 2006 को हुआ था। वहीं उनकी मां कुल्टिडा का निधन चार फरवरी 2025 को हुआ। अपनी मां के निधन के बाद वुड्स ने कहा था, 'उनके बिना मेरी कोई भी व्यक्तिगत उपलब्धि संभव नहीं होती।'
विज्ञापन
3 of 13
टाइगर वुड्स
- फोटो : ANI
टाइगर वुड्स का प्रोफेशनल करियर
एल्ड्रिक टॉन्ट वुड्स यानी टाइगर वुड्स पीजीए टूर में सबसे ज्यादा जीत के मामले में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं, जबकि पुरुषों के मेजर चैंपियनशिप खिताबों में दूसरे स्थान पर आते हैं। टाइगर वुड्स को गोल्फ इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में गिना जाता है और वह आधुनिक खेल इतिहास के सबसे मशहूर एथलीट्स में से एक हैं। उन्हें वर्ल्ड गोल्फ हॉल ऑफ फेम में भी शामिल किया जा चुका है।
जूनियर से प्रोफेशनल स्टार तक
जूनियर, कॉलेज और अमेच्योर गोल्फ में शानदार प्रदर्शन के बाद वुड्स ने 1996 में 20 साल की उम्र में प्रोफेशनल गोल्फ में कदम रखा। सिर्फ एक साल के अंदर, अप्रैल 1997 तक उन्होंने तीन पीजीए टूर इवेंट जीत लिए। इसी दौरान उन्होंने 21 साल की उम्र में अपना पहला मेजर यानी 1997 मास्टर्स, रिकॉर्ड 12 स्ट्रोक से जीता और सबसे युवा चैंपियन बने। जून 1997 में वह पहली बार ऑफिशियल वर्ल्ड गोल्फ रैंकिंग में नंबर-एक बने। जून 2000 में पेबल बीच में यूएस ओपन 15 शॉट से जीता, जो मेजर चैंपियनशिप इतिहास की सबसे बड़ी जीत का अंतर है।
4 of 13
टाइगर वुड्स
- फोटो : ANI
गोल्फ पर एक दशक तक राज
21वीं सदी के पहले दशक में टाइगर वुड्स गोल्फ की दुनिया के सबसे बड़े नाम बने रहे। अगस्त 1999 से सितंबर 2004 तक लगातार 264 हफ्ते नंबर-एक बने रहे। वुड्स अप्रैल 2001 में मास्टर्स जीतकर एक साथ चारों प्रोफेशनल मेजर अपने नाम रखने वाले इकलौते खिलाड़ी बने। इसके बाद अक्तूबर 2004 में उन्होंने एलिन नॉर्डेग्रेन से शादी की। जून 2007 में वुड्स के यूएस ओपन में रनर-अप रहने के एक दिन बाद उनकी पत्नी ने बेटी समांथा को जन्म दिया।
इसके बाद जून 2005 से अक्तूबर 2010 तक, एक बार फिर 281 हफ्ते नंबर-एक रहे। यह दौर गोल्फ में उनके पूर्ण दबदबे का था। जून 2008 में टोरी पाइन्स में प्लेऑफ के जरिए यूएस ओपन जीता। यह उनका 14वां मेजर था। एक हफ्ते बाद बाएं घुटने की एसीएल सर्जरी हुई और आठ महीने बाहर रहे। फरवरी 2009 में उनके घर बेटे चार्ली का जन्म हुआ।
विज्ञापन
5 of 13
टाइगर वुड्स
- फोटो : ANI
निजी समस्याएं और चोटों का दौर
उनके करियर का अगला दशक निजी समस्याओं और चोटों से जूझते हुए बीता। 2009 में पत्नी से विवादों के चलते उन्होंने दिसंबर 2009 से अप्रैल 2010 तक प्रोफेशनल गोल्फ से खुद दूरी बना ली। नवंबर 2009 में फ्लोरिडा स्थित घर के बाहर एसयूवी पेड़ और फायर हाइड्रेंट से टकराई। इसके बाद उनके कई अफेयर्स की खबरें सामने आईं, बड़े स्पॉन्सर छूटे। 45 दिन क्लिनिक में रहे अगस्त 2010 में उनका पत्नी एलिन नॉर्डेग्रेन से तलाक फाइनल हुआ। वुड्स ने 2010 मास्टर्स में वापसी की। इसके बाद नवंबर 2011 में उनकी रैंकिंग गिरकर 58वें स्थान तक पहुंच गई।
हालांकि मार्च 2013 से मई 2014 के बीच उन्होंने फिर नंबर-एक रैंक हासिल की। लेकिन 2014 से 2017 के बीच लगातार चोटों के कारण उन्हें चार बैक सर्जरी करानी पड़ी। 31 मार्च 2014 को मास्टर्स से एक हफ्ते पहले वुड्स की बैक सर्जरी हुई और उन्होंने पहली बार ऑगस्टा नेशनल मिस किया। 16 सितंबर 2015 को दूसरी बार बैक सर्जरी कराई। 28 अक्टूबर 2015 को पीठ की तीसरी बार सर्जरी हुई। 19 अप्रैल 2017 को वुड्स को चौथी बैक सर्जरी से गुजरना पड़ा, जिसमें लोअर बैक फ्यूजन किया गया।
विज्ञापन
6 of 13
टाइगर वुड्स
- फोटो : ANI
वुड्स की ऐतिहासिक वापसी
अगस्त 2015 से जनवरी 2018 के बीच वुड्स ने सिर्फ एक टूर्नामेंट खेला और उनकी रैंकिंग दुनिया के टॉप 1000 से भी बाहर चली गई। इसके बावजूद उन्होंने वापसी करते हुए सितंबर 2018 में टूर चैंपियनशिप जीती और फिर 2019 मास्टर्स जीतकर 11 साल बाद मेजर खिताब जीता। यह वापसी खेल इतिहास की सबसे प्रेरणादायक कमबैक स्टोरीज में गिनी जाती है।
रिकॉर्ड्स की लंबी फेहरिस्त
टाइगर वुड्स के नाम कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज हैं:
15 मेजर चैंपियनशिप खिताब
82 पीजीए टूर जीत (सैम स्नीड के साथ संयुक्त रिकॉर्ड)
11 बार पीजीए प्लेयर ऑफ द ईयर
10 अलग-अलग सीजन में सबसे ज्यादा प्राइज मनी
सबसे कम उम्र में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले खिलाड़ी
वह उन चुनिंदा छह खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने करियर ग्रैंड स्लैम हासिल किया।
विज्ञापन
7 of 13
टाइगर वुड्स, अमेरिकी गोल्फ खिलाड़ी
- फोटो : ANI
सम्मान और उपलब्धियां
1999 राइडर कप जीतने वाली अमेरिकी टीम का भी वह हिस्सा थे। मई 2019 में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम से सम्मानित किया। यह सम्मान पाने वाले वह चौथे गोल्फर बने। 23 फरवरी 2021 को एक गंभीर कार हादसे में वुड्स के दाहिने पैर और एंकल में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत सर्जरी करानी पड़ी। नवंबर 2021 में गोल्फ डाइजेस्ट को दिए इंटरव्यू में उन्होंने संकेत दिया कि उनका फुल-टाइम प्रोफेशनल करियर लगभग खत्म हो चुका है, हालांकि वह हर साल कुछ टूर्नामेंट खेलते रहेंगे। 2022 मास्टर्स में उन्होंने इस हादसे के बाद पहली बार पीजीए टूर में वापसी की।
8 of 13
टाइगर वुड्स
- फोटो : ANI
टाइगर वुड्स का नेटवर्थ
फोर्ब्स के मुताबिक, जून 2025 तक टाइगर वुड्स की अनुमानित नेटवर्थ 1.3 बिलियन अमेरिकी डॉलर आंकी गई। उनका करियर सिर्फ रिकॉर्ड्स की कहानी नहीं, बल्कि संघर्ष, विवाद, चोटों और ऐतिहासिक वापसी की मिसाल भी है। जूनियर स्टार से लेकर गोल्फ के महानायक बनने और फिर मुश्किलों के बाद वापसी करने तक, उनका सफर खेल इतिहास की सबसे प्रेरक कहानियों में शामिल है।
अब जानते हैं टाइगर वुड्स से जुड़े विवादों के बारे में
9 of 13
टाइगर वुड्स
- फोटो : Twitter
अफेयर्स ने बिगाड़ा करियर
2009 में वुड्स के कई अफेयर्स का खुलासा हुआ। तब वुड्स एक बड़े अवैध संबंध स्कैंडल से जुड़े। उन्होंने शादी के बाद कई अन्य महिलाओं से संबंधों की बात स्वीकार की। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि उनके एक दर्जन से ज्यादा महिलाओं के साथ संबंध थे। इस विवाद के चलते 2010 में उनका तलाक हुआ और उन्होंने कुछ समय के लिए अपने करियर से भी ब्रेक ले लिया। 2009 के स्कैंडल के बाद वुड्स ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा था, 'मैं बेवफा था। मेरे अफेयर थे। मैंने धोखा दिया।' यही बयान उस विवाद का सबसे चर्चित हिस्सा बना, जिसने उनकी सार्वजनिक छवि को गहरा झटका दिया।
2009 स्कैंडल से जुड़े प्रमुख नाम
रेचल उचिटेल: एक नाइटक्लब मैनेजर, जिनका नाम स्कैंडल सामने आने पर सबसे पहले प्रमुखता से जुड़ा।
जैमी ग्रब्स: एक कॉकटेल वेट्रेस, जिन्होंने वुड्स के कथित टेक्स्ट मैसेज और वॉइसमेल शेयर किए और लंबे समय तक संबंध होने का दावा किया।
हॉली सैम्पसन: एक एडल्ट फिल्म स्टार, जिन्होंने दावा किया कि उनका भी वुड्स के साथ संबंध था, यहां तक कि उनके जन्मदिन के दौरान भी।
मिंडी लॉटन: एक डाइनर वेट्रेस, जिन्होंने लंबे समय तक अफेयर और वुड्स के फ्लोरिडा स्थित घर पर मुलाकातों का आरोप लगाया।
अन्य नाम: टैबलॉयड रिपोर्ट्स में कलीका मोकिन, कोरी रिस्ट और जूली पोस्टल समेत कई अन्य महिलाओं के नाम भी सामने आए।
10 of 13
टाइगर वुड्स के अफेयर्स
- फोटो : Twitter
स्कैंडल के बाद क्या हुआ और बाद के रिश्ते
2009 के बड़े स्कैंडल के बाद टाइगर वुड्स और एलिन नॉर्डेग्रेन का तलाक अगस्त 2010 में आधिकारिक रूप से पूरा हुआ। यह उनकी निजी जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ माना गया। तलाक के बाद वुड्स का नाम कई हाई-प्रोफाइल रिश्तों से जुड़ा। इनमें लिंडसे वॉन और एरिका हरमन के नाम प्रमुख हैं। मशहूर स्कीयर लिंडसे वॉन के साथ उनका अफेयर 2013 से लेकर 2015 तक चला। इसके बाद वुड्स लगभग 2017 से 2023 तक एरिका हरमन के साथ रिश्ते में रहे। यह रिश्ता बाद में कानूनी विवादों के साथ खत्म हुआ, जिसमें एरिका ने नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट को चुनौती भी दी।
कार हादसे और DUI में गिरफ्तारी
11 of 13
टाइगर वुड्स और कार हादसे
- फोटो : Twitter
2009: जब निजी जिंदगी ने करियर हिला दिया
वुड्स की गिरावट की शुरुआत 2009 के थैंक्सगिविंग नाइट कार हादसे से मानी जाती है। 27 नवंबर 2009 को वुड्स अपने फ्लोरिडा स्थित घर से देर रात निकले और उनकी कार फायर हाइड्रेंट और पेड़ से जा टकराई। यह हादसा उस समय हुआ था जब उनकी निजी जिंदगी को लेकर बड़े खुलासे सामने आ रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी तत्कालीन पत्नी नॉर्डग्रेन ने घर से बाहर आकर गोल्फ क्लब से कार का पिछला शीशा तोड़ा था। पुलिस ने वुड्स को सड़क पर घायल हालत में पाया था। उनके होंठ कटे हुए थे और मुंह में खून था। यह हादसा बाद में उनकी निजी जिंदगी और करियर दोनों के लिए बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
2017: पहली डीयूआई गिरफ्तारी
2017 में दक्षिण फ्लोरिडा पुलिस ने उन्हें उनकी कार में सोते हुए पाया था, जबकि इंजन चालू था। कार ट्रैफिक लेन में खड़ी थी और ड्राइवर साइड क्षतिग्रस्त थी। उस समय वुड्स ने कहा था कि उन्होंने प्रिस्क्रिप्शन पेनकिलर्स का मिश्रण लिया था, जिससे खराब रिएक्शन हुआ। उन्होंने लापरवाही से गाड़ी चलाने का दोष स्वीकार किया और जेल से बचने के लिए पहली बार डीयूआई अपराध करने वालों के लिए कार्यक्रम पूरा किया। उन्हें एक साल की प्रोबेशन, छोटा जुर्माना और कम्यूनिटी सर्विस मिली थी।
12 of 13
टाइगर वुड्स और कार हादसे
- फोटो : Twitter
2021: जानलेवा रोलओवर क्रैश
फरवरी 2021 में लॉस एंजिलिस काउंटी में वुड्स का शायद सबसे गंभीर हादसा हुआ था। उनकी एसयूवी तेज रफ्तार में सड़क से उतरकर कई बार पलटी थी। जांच में सामने आया कि वह 84 से 87 mph की रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे, जबकि सड़क की स्पीड लिमिट 45 mph थी। इस हादसे में उनके दाहिने पैर की टीबिया और फिब्यूला हड्डियां कई जगह से टूट गई थीं। पैर और एंकल में स्क्रू और पिन लगाने पड़े। वुड्स ने बाद में कहा था कि मेरे दाहिने पैर को काटने का विकल्प भी डॉक्टरों के सामने था। तीन महीने तक वह बिस्तर पर रहे और फिर बैसाखियों के सहारे चलना शुरू किया। इसके बावजूद उन्होंने 2022 मास्टर्स में वापसी कर सभी को चौंका दिया।
2026: चौथा बड़ा कार हादसा
ताजा मामला फ्लोरिडा का है। मार्टिन काउंटी शेरिफ जॉन बुडेन्सीक के मुताबिक, वुड्स की लैंड रोवर ने जुपिटर आइलैंड स्थित उनके घर के पास एक अन्य वाहन को टक्कर मारी और पलट गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने कहा कि वुड्स में नशे जैसे लक्षण दिखे। ब्रेथलाइजर टेस्ट में शराब नहीं मिली, लेकिन उन्होंने यूरिन टेस्ट देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। राहत की बात यह रही कि वुड्स को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वे खुद गाड़ी से बाहर निकलने में सफल रहे। और न ही दूसरे वाहन में बैठे व्यक्ति को चोट आई। वुड्स पर तीन आरोप लगाए गए। इनमें नशे में ड्राइविंग (DUI), प्रॉपर्टी डैमेज और कानूनी टेस्ट से इनकार शामिल हैं। नियमों के तहत उन्हें कम से कम आठ घंटे जेल में रहना था और इसके बाद उन्हें जमानत मिल गई और वह रिहा हो गए। हालांकि, यूरिन टेस्ट से इनकार ने इस केस को और गंभीर बना दिया।
पतन के पीछे असली वजह क्या?
विश्लेषकों का मानना है कि वुड्स की जिंदगी लंबे समय तक सिर्फ जीतने के दबाव के इर्द-गिर्द घूमती रही। बचपन से उनके ऊपर महान बनने का भारी दबाव था। 2006 में पिता अर्ल वुड्स की मौत ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। इसके बाद उनकी निजी कमजोरियां और मानसिक अकेलापन ज्यादा खुलकर सामने आया। इन तमाम विवादों और हादसों के बीच वुड्स ने 2019 मास्टर्स जीतकर खेल इतिहास की सबसे शानदार वापसी की। इसे उनके करियर में वापसी की कहानी माना जाता है। इस जीत ने साबित किया कि तमाम मुश्किलों के बावजूद महान खिलाड़ी कभी पूरी तरह खत्म नहीं होता।
यह कहना आसान है कि विवादों ने टाइगर वुड्स को बर्बाद कर दिया, लेकिन असल कहानी इससे कहीं गहरी है। निजी गलतियां, चोटें, मानसिक दबाव और कानूनी मुश्किलें, इन सबने मिलकर उनके महान करियर को झकझोरा। फिर भी 2019 की वापसी दिखाती है कि उनका सफर सिर्फ पतन नहीं, बल्कि संघर्ष और पुनर्जन्म की कहानी भी है। हालांकि, अब वह एक बार फिर कार हादसे और विवाद में फंस गए। वह कुछ महीने बाद होने वाले मास्टर्स में हिस्सेदारी पर फैसला लेने वाले थे, लेकिन अब उनके खेलने पर सस्पेंस है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस कार हादसे के बाद वुड्स के मास्टर्स में नहीं खेलने की पुष्टि भी कर दी है। ऐसे में वुड्स का जीवन एक बार फिर विवादों से घिर चुका है। अब यह देखने वाली बात होगी कि 2026 वाले हादसे के बाद क्या वह वापसी करने में कामयाब होंगे और या फिर अपने करियर पर विराम लगा देंगे।