फुटबॉल के महान खिलाड़ियों में शुमार लियोनेल मेसी आखिरकार भारत आ रहे हैं, लेकिन अगर आप गोल्डन मौका पाना चाहते हैं और उनके साथ हाथ मिलाना चाहते हैं, तो आपको भारी-भरकम कीमत चुकानी पड़ेगी। मेसी के G.O.A.T टूर के तहत आयोजित मीट एंड ग्रीट पैकेज की कीमत रखी गई है पूरे 10 लाख रुपये। इस पैकेज में मेसी के साथ हाथ मिलाने का मौका, छह लोगों के साथ एक प्रोफेशनल ग्रुप फोटो और प्रीमियम लाउंज का एक्सेस, जहां गॉरमेट खाना और नॉन-अल्कोहोलिक ड्रिंक्स मिलेंगी, शामिल हैं। मीट एंड ग्रीट वाले पास सिर्फ मुंबई और दिल्ली लेग के लिए हैं। इसके अलावा मेसी कोलकाता और हैदराबाद भी जाएंगे। आयोजकों के मुताबिक यह एक जीवन में एक बार मिलने वाला अनुभव है और कीमत देखकर यह बात सच भी लगती है।