ब्रॉक लेसनर और सेबल की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। मुलाकात, विवाद, ब्रेकअप, फिर वापसी और आखिरकार शादी, इन सबके बाद आज दोनों एक खुशहाल जीवन जी रहे हैं। यह कहानी बताती है कि सच्चा प्यार हर मुश्किल को पार कर सकता है।
वर्ल्ड रेसलिंग इंटरटेनमेंट यानी WWE की दुनिया में ब्रॉक लेसनर सिर्फ एक रेसलर नहीं, बल्कि एक दौर का नाम रहे हैं। एक ऐसा 'बीस्ट' जिसने रिंग में हर दिग्गज को धूल चटाई, लेकिन दिल हार बैठे सेबल पर। यह वही कहानी है जहां एक 10 साल बड़ी, शादीशुदा महिला से लेसनर को प्यार हुआ, विवाद हुए, रिश्ते टूटे और फिर उसी प्यार ने एक परिवार का रूप लिया। आज लेसनर 48 साल के हैं और सेबल 58 की और अब जब रिंग में उनके बूट छूट गए हैं, तो लगता है जैसे एक युग का अंत हो गया।
यह सिर्फ एक रेसलर की विदाई नहीं, बल्कि उस इंसान की कहानी है जिसने रिंग के अंदर और बाहर दोनों जगह इतिहास लिखा। रेसलमेनिया-42 का नाइट-2 रोमांच, टाइटल बदलाव और बड़े मुकाबलों से भरा रहा, लेकिन जब लास वेगास की रोशनी धीमी हुई, तो एक तस्वीर सबके दिलों में रह गई- रिंग के बीच पड़े बूट्स, खामोशी और 'थैंक यू ब्रॉक लेसनर' के गूंजते नारे।
विज्ञापन
2 of 11
ब्रॉक लेसनर हुए भावुक
- फोटो : WWE
ओबा फेमी से हार, लेकिन कहानी कुछ और थी
लेसनर का मुकाबला ओबा फेमी से था। यह मैच एकतरफा रहा, फेमी ने पूरी तरह दबदबा बनाया और लेसनर को आसानी से हराया। लेकिन असली कहानी मैच के बाद शुरू हुई। जैसे ही घंटी बजी, लेसनर ने बिना कुछ कहे अपने ग्लव्स और बूट्स रिंग में छोड़ दिए, एक ऐसा संकेत जिसे रेसलिंग की दुनिया में रिटायरमेंट का प्रतीक माना जाता है।
विज्ञापन
3 of 11
ब्रॉक लेसनर
- फोटो : WWE
थैंक यू ब्रॉक: भावुक हुआ पूरा एरीना
रिंग में यह दृश्य देखते ही पूरा एरीना गूंज उठा 'थैंक यू ब्रॉक', 'थैंक यू लेसनर' लेसनर ने चारों तरफ देखा, तालियों को महसूस किया और जैसे अपने सफर को आखिरी बार जी लिया। यह सिर्फ एक मैच का अंत नहीं था, बल्कि एक युग के खत्म होने का एहसास था। उनके लंबे समय के साथी और मैनेजर पॉल हेमन रिंग में आए। दोनों के बीच एक भावुक पल देखने को मिला। लेसनर ने हेमन को गले लगाया और फिर रोते दिखाई दिए। हेमन भी अपने सबसे खास दोस्त को विदा होते देखकर भावुक हो गए। यह एक ऐसा रिश्ता रहा, जिसमें अनगिनत यादें समाई हुई थीं। यह शायद आखिरी बार था जब 'बीस्ट' और उनका 'वाइसमैन' साथ रिंग से बाहर जा रहे थे।
4 of 11
ब्रॉक लेसनर और कर्ट एंगल
- फोटो : Kurt Angle Twitter
कर्ट एंगल ने भी दी विदाई
हालांकि, डब्ल्यूडब्ल्यू की ओर से आधिकारिक तौर पर रिटायरमेंट की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जिस तरह से लेसनर ने अपने रेसलिंग गियर को रिंग में छोड़ा, उसने साफ इशारा दे दिया कि उनका सुनहरा दौर अब खत्म हो चुका है। यह एक 'पासिंग द टॉर्च' मोमेंट भी था, जहां लेसनर ने नई पीढ़ी के स्टार ओबा फेमी को मंच सौंप दिया। ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट और डब्ल्यूडब्ल्यूई के दिग्गज कर्ट एंगल ने भी लेसनर को भावुक अंदाज में विदाई दी। उन्होंने लिखा, 'तुमसे प्यार है मेरे भाई। तुम्हारे जैसा सिर्फ एक ही होगा। रिटायरमेंट का आनंद लो, ब्रॉक।'
विज्ञापन
5 of 11
सेबल और ब्रॉक लेसनर
- फोटो : WWE
रिंग के बाहर की कहानी भी खास
रेसलिंग में कई बार शब्दों से ज्यादा इशारे बोलते हैं और लेसनर ने वही किया। ओबा फेमी से हार के बाद रिंग के बीच गियर छोड़ना इस बात का संकेत था कि आधुनिक रेसलिंग इतिहास का सबसे दबदबे वाला दौर अब खत्म हो चुका है। जहां रिंग में लेसनर ने इतिहास रचा, वहीं बाहर उनकी और सेबल की लव स्टोरी भी किसी फिल्म से कम नहीं रही। विवादों से शुरू हुआ रिश्ता आज 20 साल की शादी में बदल चुका है। अब जब रेसलिंग करियर खत्म होता नजर आ रहा है, तो शायद लेसनर अपने परिवार और निजी जिंदगी पर ज्यादा ध्यान देंगे।
विज्ञापन
6 of 11
सेबल और ब्रॉक लेसनर
- फोटो : WWE
पहली मुलाकात और सेबल की शुरुआती जिंदगी
बात करते हैं, 1990 के दशक की। डब्ल्यूडब्ल्यूई की दुनिया में सेबल एक ऐसा नाम थीं, जिन्होंने रिंग में एक अलग पहचान बनाई थी। तब ब्रॉक लेसनर भी उभर रहे थे। जहां एक तरफ सेबल एटिट्यूड एरा की सबसे चर्चित महिला सुपरस्टार बनीं, वहीं ब्रॉक लेसनर ने रूथलेस एग्रेसन दौर में आते ही डब्ल्यूडब्ल्यूई पर राज किया। लेकिन इन दोनों की असली कहानी रिंग के बाहर शुरू होती है, जहां दोस्ती, विवाद, दूरी और फिर शादी तक का सफर शामिल है।
सेबल का असली नाम रेना मार्लेट, दो शादी कर चुकी थीं
सेबल, जिनका असली नाम रेना मार्लेट है, 1996 में डब्ल्यूडब्ल्यूई में नजर आईं। उस समय वह ट्रिपल एच के साथ रेसलमेनिया-12 में दिखीं। उसी रात उनके दूसरे पति मार्क मेरो ने भी डेब्यू किया। दोनों की शादी को उस समय तीन साल हो चुके थे। इससे पहले वह 1987 में वेन रिचर्डसन नाम के व्यक्ति से शादी कर चुकी थीं, जिनका 1991 में निधन हो गया था। उनसे उनकी एक बेटी मारिया भी है।
विज्ञापन
7 of 11
सेबल और मेरो
- फोटो : WWE
करियर की ऊंचाइयों पर WWE से मिला था धोखा
डब्ल्यूडब्ल्यूई में सेबल के रूप में उन्होंने एटिट्यूड एरा के दौरान जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की। उस दौर में महिलाओं को अक्सर ग्लैमर और आकर्षण के रूप में पेश किया जाता था और सेबल इस दौर की सबसे बड़ी स्टार्स में से एक बन गईं। शुरुआत में उन्हें मार्क मेरो के साथ जोड़ा गया, लेकिन जैसे-जैसे उनकी लोकप्रियता बढ़ी, उन्हें अलग पहचान दी गई। इसी दौरान सेबल विमेंस चैंपियन बनीं और एक एडल्ट मैगजीन के कवर पर भी नजर आईं। हालांकि 1999 में बैकस्टेज विवादों और माहौल से परेशान होकर उन्होंने डब्ल्यूडब्ल्यूई छोड़ दिया और कंपनी के खिलाफ 110 मिलियन डॉलर का यौन उत्पीड़न का मुकदमा दायर किया।
8 of 11
सेबल और विंस मैकमेहन
- फोटो : WWE
सेबल ने लेसनर के कहने पर छोड़ा था डब्ल्यूडब्ल्यूई
कुछ साल बाद, 2003 में उन्होंने स्मैकडाउन में वापसी की, जहां उस समय ब्रॉक लेसनर का दबदबा था। हालांकि उस वक्त सेबल अभी भी मार्क मेरो से शादीशुदा थीं, लेकिन इसी दौरान उनकी और ब्रॉक लेसनर की नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच अफेयर शुरू हो गया। इस रिश्ते की वजह से सेबल और मेरो की 10 साल पुरानी शादी खत्म हो गई और सेबल, ब्रॉक के साथ रिश्ते में आ गईं। 2004 में रेसलमेनिया 20 के बाद ब्रॉक लेसनर डब्ल्यूडब्ल्यूई छोड़कर चले गए, जबकि सेबल कुछ महीनों तक और रहीं। बाद में ब्रॉक के कहने पर उन्होंने भी डब्ल्यूडब्ल्यूई छोड़ दिया।
ब्रॉक लेसनर ने अपनी किताब डेथ क्लच में इस बारे में लिखा, 'मुझे बिल्कुल पसंद नहीं था जब रेना बाहर टूर पर होती थीं। इस बिजनेस में बहुत ज्यादा परेशानियां हैं और मुझे चिंता रहती थी कि कोई बेवकूफ उनके साथ कुछ गलत कर सकता है या कुछ कह सकता है।' हालांकि, इस रिश्ते में भी मुश्किलें आईं और एक समय ऐसा आया जब दोनों अलग हो गए। सेबल फ्लोरिडा चली गईं और उन्होंने ब्रॉक से दूरी बना ली।
9 of 11
सेबल और ब्रॉक लेसनर
- फोटो : WWE/Instagram
लेसनर का फिल्मी अंदाज में प्रपोजल और फिर शादी
ब्रॉक लेसनर अपने प्यार को इतनी आसानी से जाने देने वालों में से नहीं थे। उन्होंने एक सगाई की अंगूठी खरीदी, फ्लोरिडा के लिए उड़ान भरी और सीधे सेबल के घर पहुंच गए। लेकिन समस्या यह थी कि सेबल उस वक्त घर पर नहीं थीं। ऐसे में ब्रॉक ने पीछे के दरवाजे से घर के अंदर प्रवेश किया और घंटों तक उनका इंतजार करते रहे। समय बीतता गया और आखिरकार उन्होंने सेबल को फोन किया। इस पल को याद करते हुए लेसनर ने लिखा, 'उन्होंने फोन उठाया और मैं अपने अंदाज में बोला- हाय, कैसी हो? रेना गुस्से में थीं- ब्रॉक, तुम मुझे कहां से फोन कर रहे हो? मैं सब कुछ दांव पर लगा चुका था, तो मैंने कहा- क्या तुम नंबर नहीं पहचानती? वह यकीन नहीं कर पाईं- तुम मेरे घर पर तो नहीं हो? मैंने कहा- मैं यहीं हूं, और तब तक यहीं रहूंगा जब तक तुम घर नहीं आ जातीं, क्योंकि मैं तुम्हारा इंतजार कर रहा हूं!'
यह योजना जितनी पागलपन भरी थी, उतनी ही कारगर भी साबित हुई। दोनों फिर से करीब आए और एक हफ्ते तक साथ समय बिताया। जब ब्रॉक एयरपोर्ट के लिए रवाना हो रहे थे, उसी दौरान उन्होंने सेबल को प्रपोज किया और सेबल ने हां कह दिया। हालांकि बीच में उनकी सगाई कुछ समय के लिए टूट गई थी, लेकिन दोनों फिर से साथ आए और आखिरकार छह मई 2006 को शादी के बंधन में बंध गए।
10 of 11
सेबल और ब्रॉक लेसनर
- फोटो : WWE/Instagram
लेसनर और सेबल का परिवार और निजी जिंदगी
शादी के बाद ब्रॉक और सेबल ने एक शांत पारिवारिक जीवन चुना। उनके दो बेटे हैं- टर्क (2009) और ड्यूक (2010)। इसके अलावा ब्रॉक के पिछले रिश्ते से भी दो बच्चे हैं। ब्रॉक ने शादी एक ही बार की, लेकिन उनकी सेबल से पहले निकोल मैक्क्लेन से सगाई हुई थी। मैक्क्लेन और ब्रॉक के दो बच्चे हैं। सेबल ने डब्ल्यूडब्ल्यूई और पब्लिक लाइफ से लगभग दूरी बना ली, जबकि ब्रॉक भी अपनी निजी जिंदगी को हमेशा प्राइवेट रखना पसंद करते हैं।
लाइमलाइट से दूर, लेकिन रिश्ता मजबूत
हाल के वर्षों में दोनों बहुत कम ही सार्वजनिक रूप से साथ नजर आते हैं। हालांकि 2024 में एक कॉन्सर्ट के दौरान दोनों साथ दिखे, जिससे फैंस हैरान रह गए। आज, लगभग 20 साल की शादी के बाद भी उनका रिश्ता मजबूत बना हुआ है। डब्ल्यूडब्ल्यू की चमक-दमक से दूर, दोनों एक साधारण और निजी जिंदगी जी रहे हैं।