भारत की स्टार महिला शटलर पीवी सिंधु ने सोमवार को एशियाई खेल 2018 में महिला बैडमिंटन सिंगल्स के फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया। वह एशियाई खेलों के इतिहास में बैडमिंटन महिला फाइनल्स में पहुंचने वाली भारत की पहली शटलर बनी। ओलंपिक मेडलिस्ट ने सोमवार को सेमीफाइनल में विश्व नंबर-2 जापान की अकाने यामागुची को कड़े मुकाबले में 21-17, 15-21, 21-10 से मात दी।
अब फाइनल में सिंधु का मुकाबला विश्व की नंबर-1 चीनी ताइपे की ताई जू यिंग से होगा, जिन्होंने दिन के पहले सेमीफाइनल में भारत की साइना नेहवाल को सीधे सेटों में 21-17, 21-14 से मात दी थी।