Nautapa 2024: दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत देश के कई राज्यों में इस समय प्रचंड गर्मी पड़ रही है। देश के कई शहरों में रिकॉर्ड तोड़ तापमान दर्ज किया जा रहा है। लोग गर्मी के प्रकोप से परेशान और बीमार पड़ रहे हैं और लगातार कई जगहों पर हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया जा रहा है। कई शहरों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है और तापमान 50 डिग्री के पार भी पहुंच गया है। वैदिक ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस समय नौतपा चल रहा है।
नौतपा की शुरुआत 25 मई 2024 से हुई थी, जो 2 जून 2024 तक रहेगा। माना जाता है कि नौतपा जब से आरंभ होता है, उस दिन से लेकर आने वाले 9 दिनों तक धरती पर भीषण गर्मी होती है। शास्त्रों के अनुसार, जब ज्येष्ठ मास में सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते हैं, तब-तब गर्मी बढ़ती है। रोहिणी नक्षत्र चंद्रमा का नक्षत्र है और सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने पर चंद्रमा की शीतला कम हो जाती है। इसलिए 9 दिनों तक भीषण गर्मी होती है।
इस अवधि में सूर्यदेव धरती के और करीब आ जाते हैं यानी इस दौरान गर्मी अपने चरम पर होती है। यही नहीं इस माह लू भी चलती है, जो लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है। नौतपा के समय धरती पर आसमान से आग बरसाने के समान गर्मी रहती है। मान्यताओं के अनुसार इस दौरान सूर्यदेव को जल चढ़ाना चाहिए, इससे उनके प्रभाव में कमी आ सकती है और गर्मी से राहत मिल सकती है। इसी कड़ी में आइए जानते हैं नौपता और भीषण गर्मी का ज्योतिषीय और धार्मिक कनेक्शन क्या है।