ज्वाला देवी
ज्वाला देवी मंदिर, हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा से 30 किलोमीटर दूर ज्वाला देवी का प्रसिद्ध मंदिर है। ज्वाला मंदिर को जोता वाली मां का मंदिर भी कहा जाता है। यहां किसी मूर्ति की पूजा नहीं होती है, बल्कि पृथ्वी के गर्भ से निकल रही नौ ज्वालाओं को पूजा जाता हैं। 51 शक्तिपीठ में से एक इस मंदिर में नवरात्रि के दौरान भक्तों का तांता लगा रहता हैं। नौ ज्वालाओं में प्रमुख ज्वाला माता चांदी के दिए के मध्य में स्थित है और उन्हें महाकाली भी कहा जाता है। अन्य आठ ज्वालाओं के रूप में मां अन्नपूर्णा, चण्डी, हिंगलाज, विध्यवासिनी, महालक्ष्मी, सरस्वती, अम्बिका एवं अंजी देवी ज्वाला देवी मंदिर में विराजमान हैं। बादशाह अकबर ने इस ज्वाला को बुझाने की कोशिश की थी, लेकिन वो नाकाम रहे थे। ज्वाला देवी शक्तिपीठ में माता की ज्वाला के अलावा एक अन्य चमत्कार देखने को मिलता है। मंदिर परिसर के पास ही एक जगह 'गोरख डिब्बी' है। वहां पर एक कुंड है जिसे देखने पर लगता है इस कुण्ड में गर्म पानी खौल रहा है जबकि छूने पर कुंड का पानी ठंडा लगता है। इस स्थान को गोरखनाथ का मंदिर भी कहा जाता है।