हिंदू धर्म में शंख को बहुत ही पवित्र और शुभ चीज माना गया है। पौराणिक रूप से शंख की उत्पत्ति समुद्र से मानी जाती है। समुद्र मंथन के दौरान मिले 14 रत्नों में से छठवां रत्न शंख था। विष्णु पुराण के अनुसार माता लक्ष्मी समुद्र की पुत्री हैं और शंख उनके भाई इसलिए जिस घर पर शंख होता है वहां पर माता लक्ष्मी का वास जरूर होता है। हिन्दू धर्म में मांगलिक कार्यो, विवाह, धार्मिक अनुष्ठानों और रोजाना पूजा-पाठ में शंख बजाने का नियम है। घर के पूजा घर में शंख की स्थापना करना शुभ होता है। शंख रखने और बजाने का न सिर्फ धार्मिक महत्व है बल्कि वैज्ञानिक महत्व भी है। विज्ञान के मुताबिक शंख की ध्वनि से वातावरण शुद्ध होता है। आइए जानते हैं शंख का धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व...