15 दिसंबर से खरमास लग रहा है, जिसके कारण सभी प्रकार के मांगलिक कार्यों पर रोक लग जाएगी। इसी दिन से सूर्य ग्रह धनु राशि में प्रवेश करेगा, जो एक माह तक इसी राशि में स्थित रहेगा। यह खरमास 14 जनवरी 2021 को समाप्त होगा। खरमास का महत्व पौराणिक शास्त्रों में बताया गया है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सूर्य देव एक राशि में एक माह तक रहते हैं। इसके बाद ये राशि परिवर्तन करते हैं जिसे संक्रांति कहते हैं, जिस भी राशि में सूर्य जाते हैं उसी राशि के नाम से संक्रांति जानी जाती है। ऐसे ही जब सूर्य देव धनु राशि में प्रवेश करते हैं तब खरमास लगता है। खरमास में सभी प्रकार के शुभ कार्य जैसे विवाह, मुंडन, सगाई, गृहप्रवेश के साथ व्रतारंभ एवं व्रत उद्यापन आदि वर्जित माने जाते हैं।