Happy Akshaya Tritiya 2023 Wishes: आज, शनिवार 22 अप्रैल को अक्षय तृतीया का पर्व मनाया जा रहा है। हिंदू पंचांग के अनुसार हर वर्ष वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर अक्षय तृतीया का पर्व मनाया जाता है। अक्षय तृतीया तिथि एक अबूझ व स्वयंसिद्ध मुहूर्त माना जाता है। पंचांग गणना के अनुसार चार अबूझ व स्वयंसिद्ध मुहूर्त होते हैं-चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, अक्षय तृतीया, दशहरा और दीवाली। इन तिथियों पर किया गया कोई भी कार्य चिर स्थाई एवं शुभ माना जाता है। अक्षय का अर्थ है जिसका क्षय न हो। अक्षय तृतीया को आखा तीज के नाम से भी जाना जाता है। मांगलिक और शुभ कार्यों के लिए अक्षय तृतीया तिथि को बहुत ही शुभ माना जाता है। अक्षय तृतीया एक ऐसी सर्वसिद्धि देने वाली तिथि मानी जाती है जिसमें किसी भी मुहूर्त को दिखाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। इस तिथि को अबूझ मुहूर्तों में शामिल किया जाता है। अक्षय तृतीया का दिन मां लक्ष्मी की कृपा पाने का सबसे शुभ दिन होता है। अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर अपने रिश्तेदारों, परिचितों और दोस्तों को भेजें अक्षय तृतीया की शुभकामनाएं।