कड़ाके की ठंड और देवदार के घने पेड़ों के बीच बनी मनु रंगशाला में सफेद और नीले रंग के गाउन पहन 27 सुंदरियां रैंप पर उतरीं। शरदोत्सव मनाली के अंतिम दिन शरद सुंदरी प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान प्रतिभागी कैटवॉक करती हुईं उत्साह के साथ इस प्रतियोगिता में शामिल हुईं। पहले राउंड में प्रतिभागियों को उनकी खूबी के आधार पर शाइनिंग स्टार, मिस टैलेंटड, मिस पैशन, मिस ब्रिलियंट, मिस रैंपवॉक, मिस फोटोजनिक, शाइनिंग स्टार, मिस करेजियस जैसे टायटल दिए गए। ग्रैंड फिनाले में दो राउंड के बाद आरजू राणा के सिर शरद सुंदरी का ताज सजा।
शरद सुंदरी का ताज पहनने वाली आरजू मॉडलिंग क्षेत्र में ऊंचाइयां छूने के लिए बेताब हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरजू ने फिट रहने के लिए अपना वजन तीन से पांच महीने की में करीब 23 किलोग्राम घटाया। इसके लिए खूब मेहनत की। मीडिया से बातचीत में आरजू ने कहा कि वह पिछले वर्ष जून में हुई मिस सराज प्रतियोगिता में फर्स्ट रनरअप का खिताब जीत चुकी हैं।
विंटर क्वीन को मिला एक लाख रुपये का इनाम
विंटर कार्निवाल में विंटर क्वीन प्रतियोगिता सबसे आकर्षण का केंद्र रही। मंडी की आरजू शर्मा विंटर क्वीन बनीं। उन्हें कार्निवाल कमेटी की ओर से एक लाख की राशि दी गई। प्रथम रनरअप रहीं निकिता ठाकुर को 50,000 और द्वितीय रनरअप स्मृति को 30,000 दिए गए हैं।