हिमाचल प्रदेश में पोस्ट कोड 965 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट आईटी भर्ती परीक्षा का पेपर बेचने के आरोपियों का भंडाफोड़ करने के बाद अब विजिलेंस में प्रदेश भर में इनके नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। आशंका जताई जा रही है कि महिला कर्मचारी और दलाल दोनों ने मिलकर प्रदेश भर में दर्जनों लोगों तक यह प्रश्नपत्र पहुंचाए हैं। आशंका जताई जा रही है कि एक-एक अभ्यर्थी को ढाई-ढाई लाख रुपये में यह पेपर बेचा गया। कर्मचारी चयन आयोग की महिला कर्मचारी और दलाल के अलावा इस गोरखधंधे में और भी लोगों की संभावना जताई जा रही है।
पैसे लेकर पेपर बेचने के मामले के तार कहां-कहां जुड़े हैं, इसका पता लगाया जा रहा है। विजिलेंस को मौके पर दो अभ्यर्थी, दलाल और महिला व महिला का बेटा ही मिले हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि अब जल्द ही कुछ और लोग भी सलाखों के पीछे होंगे। उधर, डीएसपी विजिलेंस शिमला कमल किशोर ने कहा कि पैसे लेकर जेओए आईटी का पेपर लीक करने के मामले में कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर की वरिष्ठ सहायक, उसके बेटे और चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है।