राजस्थान में विधानसभा चुनाव के शोर के बीच भाजपा के एक पोस्टर में गफलत हो गई। भाजपा के बूथ जनसंपर्क अभियान के पोस्टर में प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी की जगह कांग्रेस नेता और विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी की तस्वीर लगा दी गई। चुनावी रणनीत, पोस्टर और प्रचार-प्रसार की एक चीज पर फोसक करने वाली भाजपा से ये गलती हुई तो पार्टी के नेता हंसी का पात्र बन गए। लोगों ने टोका को नेताओं ने कहा कि गलती से ऐसा हो गया। लेकिन, तब तक बहुत देर हो गई। लोगों ने इसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
दरअसल, ये पूरा मामला सरोही के रेवदर है। यहां के स्थानीय नेता रमेश कुमार कोली को भाजपा ने सदस्यता अभियान का विधानसभा सह संयोजक बनाया है। रेवदर विधानसभा इस चुनाव में दावेदारी भी कर रहे हैं। पार्टी के प्रचार और दावेदारी मजबूत करने के लिए कोली ने शुक्रवार को यहां बूथ जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की।
इसके लिए उन्होंने पहले से बैनर-पोस्टर बनवा लिए थे। लेकिन, इसमें गलती ये हो गई कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी की जगह कांग्रेस नेता और विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी की तस्वीर लगा दी गई। साथ ही बैनर पर पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की तस्वीर लगाई गई।
शुक्रवार को ये बैनर दर्जनभर ऑटो रिक्शा पर लगवा कर बूथ जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान लोगों की नजर पड़ी तो उन्होंने इसे लेकर सवाल किया। जिसके बाद नेताओं का इस गलती का अहसास हुआ, फिर तुरंत ही विधानसभा अध्यक्ष की तसवीर को छिपाया गया।
घटना को लेकर सिरोही भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेश कोठारी ने कहा- पार्टी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार बैनरों पर तस्वीरें लगवाईं जानी थीं, लेकिन प्रिंटिंग प्रेस वाले की गलती के कारण गलत तस्वीर लग गई। कुछ देर बाद इसमें सुधार किया गया।