वसुंधरा राजे एक बार फिर से चर्चाओं में है। इस बार किसी बयान को लेकर नहीं, बल्कि बांसवाड़ा में सभा के बाद पीएम और उनके बीच मुलाकात को लेकर। सभा के बाद पीएम मोदी मंच पर मौजूद नेताओं का अभिवादन करते हुए गुजर रहे थे। लेकिन वसुंधरा राजे के नजदीक जाते ही वे कुछ पल के लिए रुके। दोनों नेताओं के बीच कुछ बातचीत हुई। कुछ सेकंड्स के लिए। लेकिन यही बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है।
खुद राजे ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पीएम से मुलाकात की तस्वीरों को शेयर किया जिस पर यूजर्स की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। बीते कई महीनों में उन्होंने सोशल मीडिया पर जितने पोस्ट किए हैं उनमें सबसे ज्यादा देखी गई तस्वीर यही रही है। खास बात इसमें बॉडी लैंग्वेज की रही। सियासत में भाव भंगिमाओं की अपनी अलग भाषा होती है। राजे इस मुलाकात के दौरान बेहद सहज और कॉन्फिडेंट अंदाज में मोदी से बात करती नजर आईं।