सांसद मंजू शर्मा के साथ पहुंची कंगना रनौत
कार्यक्रम के दौरान कंगना रनौत का व्यक्तित्व और आत्मविश्वास आकर्षण का केंद्र रहा। सिनेमाघर पहुंचने पर वे जयपुर सांसद मंजू शर्मा के साथ हॉल में दाखिल हुईं। इस दौरान उन्होंने अपने साथ चल रही सांसद मंजू शर्मा का विशेष ध्यान रखा, जिसकी भी चर्चा होती रही।
नर्सिंग समुदाय के सम्मान पर रहा विशेष फोकस
फिल्म की थीम को ध्यान में रखते हुए जयपुर और आसपास के क्षेत्रों से 200 से अधिक नर्सों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में नर्सिंग समुदाय से जुड़े लोगों का सम्मान भी किया गया। मंच से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाले कर्मियों और नर्सिंग पेशे के महत्व को रेखांकित किया गया।
कंगना बोलीं- अनसुने नायकों की कहानी है फिल्म
कंगना रनौत ने कहा कि ‘भारत भाग्य विधाता’ उन लोगों की कहानी है, जो बिना किसी पहचान या चर्चा के समाज और देश की सेवा में जुटे रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह फिल्म ऐसे लोगों के समर्पण, संघर्ष और योगदान को सामने लाने का प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने भी की सराहना
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित लोगों की प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाना जरूरी है। ऐसे प्रयास समाज को सकारात्मक संदेश देते हैं और सेवा भाव को सम्मान दिलाते हैं।
स्वास्थ्य कर्मियों के संघर्षों को दिखाती है फिल्म
फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया ने बताया कि ‘भारत भाग्य विधाता’ केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नर्सिंग समुदाय और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मियों के संघर्ष, समर्पण और सेवा को समाज के सामने लाने का प्रयास है।
स्क्रीनिंग के बाद उपस्थित दर्शकों और नर्सिंग समुदाय के लोगों ने फिल्म की संवेदनशील प्रस्तुति की सराहना की। कार्यक्रम में फिल्म के संदेश और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मियों के योगदान को लेकर सकारात्मक चर्चा देखने को मिली।