धौलपुर के सैंपऊ पुलिस थाने में शुक्रवार को एक आरोपी को छुड़ाने पहुंची महिलाओं और ग्रामीणों के हंगामे ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। भीड़ ने थाने का घेराव कर पथराव किया, पुलिसकर्मियों से हाथापाई की और उनकी वर्दी फाड़ दी। यह स्थिति करीब आधे घंटे तक चली और थाने के कई सरकारी रिकॉर्ड खराब हो गए और कुर्सियां भी टूट गईं। भीड़ ने थाने के कक्ष में बंद आरोपी को छुड़ाने के लिए पत्थर और ईंटों से गेट तोड़ने का प्रयास भी किया।
सीओ की त्वरित कार्रवाई से शांत हुई स्थिति
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ अनूप कुमार यादव को सूचना दी गई। उन्होंने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद थाने और आसपास के क्षेत्र में शांति बहाल की। पुलिस ने इस मामले में कई महिलाओं और युवकों को हिरासत में लिया है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।