अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर की दिनदहाड़े हत्या कर दी। गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी ली गई है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मधुसूदन संधू उर्फ मैड संधू पंजाब पुलिस के रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर का बेटा था।
अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू को घेर कर बाइक सवार हमलावरों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। अमृतसर में मैड संधू की हत्या के बाद गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में मैड संधू पर नई पीढ़ी को खराब करने का आरोप लगाया गया है। इसमें उन स्कूलों को भी चेतावनी दी गई है, जो ऐसे लोगों को अपने यहां मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाते हैं। पुलिस इस पोस्ट और हत्या के बीच संबंध की भी जांच कर रही है।
वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें मैड संधू सड़क पर घायल हालत में दिखाई दे रहे हैं। घटनास्थल पर गोली के खोल भी मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
विज्ञापन
2 of 6
मैड संधू हत्याकांड
- फोटो : सोशल मीडिया
पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। एडीसीपी सिटी-2 ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
हत्या से पहले सोशल मीडिया पर एक्टिव थे मैड संधू
मैड संधू ने हत्या से करीब एक घंटे पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली थी। पोस्ट में उन्होंने ‘मेनू माही मिलवा दे’ लिखा था। इसके बाद शाम करीब छह बजे लोहारका रोड पर कार वॉश सेंटर के पास दो बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
रिटायर्ड पुलिस सब-इंस्पेक्टर का बेटा था मैड संधू, अमृतसर की रिहायशी कॉलोनी में रहता था
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मधुसूदन संधू उर्फ मैड संधू पंजाब पुलिस के रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर का बेटा था। वह अमृतसर के ग्रामीण पुलिस क्षेत्राधिकार में आने वाली एक रिहायशी कॉलोनी में रहता था। उसके पिता का नाम फिलहाल सामने नहीं आया है।
मैड संधू ने फैशन की दुनिया से करियर शुरू किया था। उसने पंजाब और मुंबई में स्टाइलिस्ट और असिस्टेंट कॉस्ट्यूम डिजाइनर के तौर पर काम किया। बाद में मेकअप आर्टिस्ट, मॉडल, अभिनेता और सोशल मीडिया क्रिएटर के रूप में पहचान बनाई। वह अमृतसर में Mane Lane Unisex Salon का फाउंडर था और ब्यूटी एकेडमी भी चलाता था।
पंजाबी मनोरंजन इंडस्ट्री से भी उसका जुड़ाव रहा और उसने ‘ओए भोले ओए’ जैसी फिल्म में काम किया। सोशल मीडिया पर उसके करीब 2.26 लाख फॉलोअर्स थे। वह मेकअप, फैशन, लाइफस्टाइल, ब्लॉग और फिल्मों से जुड़े कंटेंट के साथ जेंडर और सामाजिक मुद्दों पर भी खुलकर बात करता था।