नेपाल की संसद ने नए प्रधानमंत्री के तौर पर खड्गा प्रसाद ओली को चुन लिया है। 64 वर्षीय ओली नेपाल में नए संविधान के तहत चुने गए पहले प्रधानमंत्री हैं। पूर्व प्रधानमंत्री सुशील कोइराला भी इस दौड़ में शामिल थे। नेपाल में नए संविधान के लागू होने के बाद सुशील कोईराला ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। ओली को नेपाल की राजशाही का समर्थन करने वाली पार्टी आरपीपी और माओवादियों का समर्थन हासिल था।
विश्लेषकों का कहना है कि नए संविधान से असंतुष्ट मधेसी समुदाय से संवाद स्थापित करने में ओली, कोइराला के मुकाबले कम कारगर साबित होंगे। नए संविधान के लागू होने के बाद मधेशी समुदाय के विरोध प्रदर्शन के कारण नेपाल ऊर्जा संकट से जूझ रहा है। मधशी समुदाय के विरोध के कारण भारत से मिलने वाले ईंधन और दूसरे ज़रूरी सामानों की आपूर्ती में आ रही बाधा से नेपाल को मुश्किलों का सामना करना पड़ा रहा है।