मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पचमढ़ी में चिंतन बैठक से पहले योग किया। लॉन में बैठकर अखबार पढ़ा और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए। कुछ-कुछ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तर्ज पर, जिन्होंने करीब चार साल पहले ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर डाला था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कितना मानते हैं, यह उनकी हालिया गतिविधियों से साफ होता है। पचमढ़ी में मंत्रियों के चिंतन बैठक से पहले उन्होंने दो वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किए। एक में वे योग करते दिख रहे हैं। दूसरे में लॉन में बैठकर अखबार पढ़ रहे हैं। दोनों ही वीडियो मोदी की झलक देते हैं, जब 2018 में विराट कोहली के चैलेंज पर उन्होंने अपने फिटनेस रुटीन का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। यह पहली बार नहीं है, जब शिवराज को मोदी को फॉलो करते देखा गया है। इससे पहले भी वे कई अवसरों पर मोदी के उठाए कदमों से कदम मिलाते दिखाई दिए हैं।
शिवराज ने दो वीडियो जारी किए। लॉन में बैठकर अखबार पढ़ते हुए जो वीडियो पोस्ट किया, उसके साथ लिखा किप्रकृति की गोद में बसे पचमढ़ी की मनमोहक भोर, पक्षियों का कलरव और सतपुड़ा का नैसर्गिक सौंदर्य मन को आनंदित एवं चित्त को शांति प्रदान करने वाला है। मेरा मध्यप्रदेश बहुत निराला है। इसके बाद योग करते हुए एक और वीडियो पोस्ट किया। इस पर लिखा कि ॐ असतो मा सद्गमय। तमसो मा ज्योतिर्गमय। मृत्योर्मा अमृतं गमय। ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः॥ ईश्वर की प्रार्थना अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ते रहने की प्रेरणा और योग असीम ऊर्जा का स्रोत है। परमपिता ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी का कल्याण करें, कृपा दृष्टि बनाए रखें।