मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से हैरान कर देने वाले मामले सामने आए हैं। यहां रहने वाला एक व्यक्ति शादी के 10 साल तक पिता नहीं बन सका था। पत्नी से मंजूरी मिलने के बाद उसने दूसरी शादी करने का फैसला किया। वहीं, एक दूसरे व्यक्ति की पत्नी की मृत्यु हो गई थी, ऐसे में जीवन में आए खालीपन को भरने के लिए उसने दूसरी शादी करने फैसला किया। दोनों ने शादी भी की, लेकिन उनकी नई नवेली पत्नियों ने उन्हें ऐसा फंसाया कि अब वे कह रहे हैं कि अच्छा हुआ वो चली गई, कम से कम हम तो बच गए... आइए, जानते हैं दोनों व्यक्तियों के साथ ऐसा क्या हुआ कि रुपये लुटने, पत्नी छूट जाने और तमाम परेशानी झेलने के बाद भी वे सुकून की सांस ले रहे हैं...।
क्या है मामला?
राजगढ़ जिले के सुलतानिया गांव में प्रेम सिंह और नारानिया गांव के मुकेश रहते हैं। 45 साल के प्रेम सिंह की शादी को दस साल हो चुके हैं, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं है। ऐसे में प्रेम सिंह ने अपनी पत्नी से दूसरी शादी करने की बात की, ताकि घर में बच्चे की किलकारी गूंज सके। पत्नी भी उसकी दूसरी शादी करने की बात पर सहमत हो गई। दूसरी तरह नारानिया गांव के रहने वाले 30 साल के मुकेश की पत्नी की मृत्यु पिछले साल हो गई थी। कम उम्र में पत्नी की मृत्यु से उसके जीवन में खालीपन आ गया था, इसे दूर करने के लिए वह भी दूसरी शादी करना चाह रहा था। यह बात जिले के खिलचीपुर क्षेत्र में रहने वाले हेमराज को पता चली। हेमराज को उसके इलाके के लोग शादीलाल घरजोड़े भी कहते हैं।