मुरैना जिले के अंबाह में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी की हत्या कर दी। दोनों के शव चंबल नदी में फेंक दिए। जानकारी मिलने के बाद रविवार को पुलिस चंबल नदी के रेह घाट पहुंची और शवों को निकालने की कोशिश की। स्थानीय गोताखोर और एसडीआरएफ की टीमें लाशों की तलाश कर रही है।
जिले के अंबाह के रतन बसई गांव की 18 वर्षीय शिवानी तोमर और पुरा बरबाई का 21 वर्षीय राधेश्याम तोमर एक-दूसरे से प्रेम करते थे। यह बात लड़की के परिजनों को अच्छी नहीं लगी। दोनों तीन जून से लापता थे। काफी तलाश के बाद नहीं मिले तो पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई गई। पुलिस 15 दिन से दोनों को तलाश रही थी। युवक के परिजनों ने आशंका जताई तो पुलिस ने लड़की के परिजनों से सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ। उन्होंने हत्या करना कबूल कर लिया है।
छह मई को घर से भागे थे दोनों
पुलिस के अनुसार शिवानी और राधेश्याम छह मई को घर से भागे थे। तलाश करने पर 11 मई को उत्तर प्रदेश में मिले थे। पुलिस ने दोनों को उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया था। राधेश्याम के भाई घनश्याम सिंह तोमर का कहना है कि एक जून को शिवानी के पिता ने कॉल कर धमकी दी थी कि भाई को समझा लो। उसे गांव से दूर भेज दो नहीं तो अंजाम ठीक नहीं होगा। इसके बाद तीन जून को भाई और शिवानी लापता हो गए। हम उन्हें तलाश कर रहे थे। पुलिस को इस धमकी के बारे में बताया तो उन्होंने शिवानी के पिता से पूछताछ की। उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया।