झाबुआ के पेटलावद पहुंचे सीएम मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सम्मेलन में प्रदेश की 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 28वीं किश्त की 1541 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का अंतरण किया। मुख्यमंत्री ने 53.48 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों को भी 320.89 करोड़ राशि और 31 लाख से अधिक बहनों को एलपीजी सिलेंडर रीफिलिंग के 48 करोड़ रुपए अंतरित किये। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झाबुआ जिले के पेटलावद में 345.34 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला प्रशासन द्वारा तैयार जनजातीय आयुर्वेदिक परम्परा एवं चिकित्सा ज्ञान पर केन्द्रित पुस्तक "झाबुआ के संजीवक" का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने बीपीएल परिवारों के 11 दिव्यांग हितग्राहियों को कस्टमाईज्ड पेट्रोल चलित मोटर साईकिल वितरित की।
दी सौगातें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पेटलावद में सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड, श्रंगेश्वर तीर्थस्थल में घाट निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, राजगढ़-पारा-राणापुर-पिटोल मार्ग 55 किमी 2 लेन मार्ग निर्माण, एनएच-47 दत्तीगाँव फाटे से उमरकोट-बोलासा रायपुरिया 2 लेन मार्ग निर्माण 30.80 किमी, एनएच-47 से माछलिया मृगारुंडी मार्ग पर उच्च स्तरीय पुल एवं मार्ग, झाबुआ-कल्याणपुरा-रायपुरिया मार्ग पर ग्राम कदवाली में टूटी पुलिया का निर्माण, ग्राम धतुरिया जिला झाबुआ से माही नदी पर पुलिया एवं लाबरिया जिला धार तक मार्ग निर्माण और ग्राम पारा विकासखंड रामा में नवीन नलजल योजना के निर्माण की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि झाबुआ जिले में 25 करोड़ की लागत से विभिन्न छात्रावास बनाए जाएंगे। झाबुआ के जनजातीय बच्चे डॉक्टर और इंजीनियर बनें और राज्य सरकार उनके देश से लेकर विदेश तक पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहुत जल्द मैं झाबुआ में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करने आऊंगा।
ये भी पढ़ें-
दिवाली से पहले झटका, फिर फायदा, लाडली बहना योजना पर सरकार का बड़ा कदम; जानें क्या हो रहा?