सिंहस्थ 2028 के लिए उज्जैन के साथ ही मध्य प्रदेश की दूसरी ज्योर्तिलिंग नगरी ओंकारेश्वर तथा इंदौर व आसपास के अन्य जिलों में विकास कार्य तेजी से जारी हैं। इसी सिलसिले में उज्जैन ओंकारेश्वर का सफर भी आसान होने जा रहा है। दोनों ज्योतिर्लिंग शहरों की दूरी 148 किलोमीटर है और अभी इस यात्रा को पूरा करने में तीन से चार घंटे का समय लगता है, लेकिन नए साल में अब यह सफर सिर्फ दो घंटे में पूरा हो जाएगा। इसके लिए इंदौर-खंडवा फोरलेन तैयार हो चुकी है। यहां खंडवा रोड पर घाट काटकर सड़क बनाई गई है।
पूरे देश में सिर्फ उज्जैन और ओंकारेश्वर दो ज्योतिर्लिंग ही ऐसे हैं, जिनके बीच की दूरी सबसे कम (148 किमी) है। अब इनके बीच सफर का समय भी कम हो जाएगा। इंदौर से ओंकारेश्वर के बीच पहाड़ों को काटकर और खाइयों को पाटकर सपाट सड़क बनाई गई है। पहले जो ट्रैफिक घुमावदार घाटों से गुजरता था, वह अब कुल 1,600 मीटर लंबाई की तीन सुरंगों से निकलेगा। सुरंगें और सड़क बनाकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने तैयार कर दी हैं। अब लोकार्पण का इंतजार है। उधर, इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन रोड का काम भी पूरा हो चुका है।
ये भी पढ़ें-
आस्था के पथ पर विकास की रफ्तार: बदलने वाला है इंदौर-उज्जैन का सफर, खेतों के बीच तैयार हो रही नई सड़क