फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Anuppur Building Collapse: लॉज हादसे में तीन जिंदा दफन, लॉज संचालक और भूमि मालिक पर FIR, 24 घंटे चला रेस्क्यू

Sun, 05 Apr 2026 08:56 PM IST
अनूपपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अनूपपुर

सार

कोतमा में नींव खुदाई के दौरान बहुमंजिला लॉज ढहने से तीन लोगों की मौत और तीन घायल हुए। एनडीआरएफ सहित टीमों ने 24 घंटे रेस्क्यू चलाया। प्रशासन ने लॉज संचालक व भूमि स्वामी पर मामला दर्ज किया। हादसे के समय लॉज खाली होने से बड़ा नुकसान टल गया।
विज्ञापन
1 of 3
अनूपपुर में लॉज की इमारत गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। - फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा में शनिवार शाम करीब छह बजे अग्रवाल लॉज के पास नींव की खुदाई के दौरान लगभग 15 फीट गहरा गड्ढा बनने से बहुमंजिला इमारत अचानक धराशायी हो गई। इस इमारत में लॉज संचालित हो रही थी। हादसे में तीन मलबे में जिंदा दफन हो गए, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों में से दो को गंभीर हालत में शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इधर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए लॉज संचालक और पास वाले प्लॉट मालिक पर भी केस दर्ज कर लिया है। 

करीब 24 घंटे बाद रविवार शाम करीब 4 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त कर दिया गया। हालांकि, एहतियातन मलबा हटाने का कार्य जारी है। साथ ही बगल में स्थित क्षतिग्रस्त किराना दुकान को संभावित खतरे के मद्देनजर तोड़ने की कार्रवाई प्रारंभ की गई। इसका दुकान संचालक ने विरोध किया। 

शनिवार शाम हुए हादसे के तुरंत बाद अनूपपुर पुलिस-प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था। दिनरात लगातार मलबा हटाने और फंसे लोगों की तलाश का अभियान चला। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, एसईसीएल और निजी कंपनी की रेस्क्यू टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। डॉग स्क्वायड और भारी मशीनों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। शनिवार रात दो शव निकाले गए थे, जबकि रविवार सुबह करीब 11:30 बजे तीसरे शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद भी पूरे क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए मलबा हटाने का कार्य जारी रखा गया।

ये भी पढ़ें- तीन मंजिला इमारत गिरने से खौफ, मलबा हटाने का कार्य जारी; देखें हादसे की तस्वीरें



रात भर मौजूद रहे मंत्री और प्रभारी मंत्री
मौके पर कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल घटना की सूचना मिलने के बाद से ही उपस्थित रहे और शनिवार रात भर और रविवार को भी वहां मौजूद रहे। इसके साथ ही रात लगभग 3:00 बजे प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार भी मौके पर पहुंचे। दोनों ही मंत्री रेस्क्यू कार्य पर नजर बनाए रहे।

बनारस और भिलाई से आई एनडीआरएफ की दो टीमें
रेस्क्यू कार्य में देरी होने और घायलों को तत्काल सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार रात 3:00 बजे तथा रविवार सुबह 7:00 बजे एनडीआरएफ की दो टीमें मौके पर पहुंचीं। बनारस से 41 सदस्यों की टीम यहां रेस्क्यू के लिए आई। वहीं, भिलाई से 36 सदस्य टीम मौके पर पहुंची। टीम के साथ डॉग स्क्वॉड भी मौजूद थे, जो मलबे में दबे लोगों की जानकारी जुटा रहा है।

ये भी पढ़ें- कोतमा इमारत हादसा: मृतकों के परिजनों को 9-9 लाख की सहायता, सीएम बोले- निष्पक्ष जांच होगी


 
विज्ञापन

2 of 3
अनूपपुर में इमारत के मलबे से अब तक तीन शव निकाले जा चुके हैं। - फोटो : अमर उजाला
ये हुए हताहत
घटना में अब तक तीन घायलों को बाहर निकाला गया है, जिनमें रामकिशोर (50 वर्ष), जयप्रकाश (50 वर्ष) एवं तुलसी भैंना (40 वर्ष) शामिल हैं। उन्हें उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया, जिसमें से एक की हालत गंभीर होने पर उन्हें शहडोल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। इसके साथ ही तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इनके नाम हनुमानदीन यादव (55 वर्ष), रामकृपाल यादव (50 वर्ष) एवं राधाबाई कोल (42 वर्ष) हैं। 

अपर मुख्य सचिव ने लिया जायजा
घटना का जायजा लेने के लिए अपर मुख्य सचिव (गृह) मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य की समीक्षा की तथा घायलों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने के बाद वे अनूपपुर के लिए रवाना हो गए।

ये भी पढ़ें- Anuppur Building Collapse: लॉज हादसे में मृतकों का आंकड़ा तीन पर पहुंचा, गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा

 
विज्ञापन
विज्ञापन

3 of 3
हादसे में राम कृपाल, राधा बाई कोल और हनुमान दीन की मौत हो गई - फोटो : अमर उजाला
दो व्यक्तियों के विरुद्ध दर्ज हुआ अपराध 
अग्रवाल लॉज दुर्घटना के मामले में कोतमा पुलिस ने लॉज संचालक लल्लू लाल अग्रवाल एवं भूमि स्वामी राजीव गर्ग, जो कि लॉज के बगल में गहरे गड्ढे का निर्माण कर रहा था, इन दोनों के विरुद्ध धारा 106 (1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान में बताया कि प्रारंभिक रूप में यह सामने आया है कि भूमि स्वामी बिना किसी अनुमति के लॉज के बगल में गहरे गड्ढे का निर्माण कर रहा था जिसकी वजह से लाज की नींव हिल गई। इसकी वजह से कई लोगों के जान माल की क्षति हुई। इसके साथ ही लॉज संचालक भी बिना अनुमति के निर्माण कार्य कर रहा था। इन दोनों के ही विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

बच गया बड़ा हादसा
बता दें कि जिस समय हादसा हुआ। उस समय लॉज में कोई नहीं था। बताया जा रहा है कि लॉज में रुकने वाले लोग ऑफिस वाले थे, जो काम से बाहर ही थे। अगर हादसा शाम 7 बजे के आसपास होता तो ज्यादा लोग दब सकते थे। 

ये भी पढ़ें- Anuppur Building Collapse: लॉज की तीन मंजिला इमारत गिरी, तीन की मौत; मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया



किराना दुकान तोड़ने को लेकर विरोध
रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त होने के बाद समीप स्थित क्षतिग्रस्त किराना दुकान को सुरक्षा की दृष्टि से तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई। दुकान संचालक ने भीतर रखे लगभग 20 लाख रुपये के सामान को निकालने की अनुमति मांगी, लेकिन सुरक्षा कारणों से अनुमति नहीं दी गई। जेसीबी से तोड़फोड़ शुरू होते ही दुकान संचालक और उसके परिजनों ने विरोध जताया, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें