पूर्णिमा स्नान के लिए बाहरी श्रद्धालुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाते हुए रामनगरी की सीमा सील कर दी गई है। बिना आईडी जांच के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। रविवार को कार्तिक पूर्णिमा दोपहर 12:33 बजे लग गई है जो 30 नवंबर की दोपहर 2.16 बजे तक रहेगी। कार्तिक पूर्णिमा के दिन श्रद्धालु देशभर के अयोध्या पहुंचते हैं और पवित्र सरयू नदी में स्नान करके रामलला का दर्शन करते हैं। हर साल यहां लाखों श्रद्धालु पहुंचकर सरयू नदी में डुबकी लगाते हैं, लेकिन इस बार कोरोना महामारी की वजह से बाहरी लोगों के अयोध्या में प्रवेश पर रोक लगाई गई है। इसके लिए अयोध्या के प्रवेश मार्ग पर बैरियर लगाकर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।