इटौंजा के हेमी गांव में मंगलवार शाम कहासुनी के दौरान हुए विवाद में नशे में धुत्त पति ने बीच सड़क बांके से पत्नी का गला काट दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात से गांव में हड़कंप मच गया। अफरातफरी के बीच पुलिस को सूचना दी गई। वहीं, ग्रामीणों ने आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर घटना की वजह का पता लगा रही है। पुलिस के मुताबिक हेमी गांव के श्यामू रावत के परिवार में पत्नी किरण, बेटा गगन, बेटी दिव्यांशी और छह महीने का बेटा छोटू है। मंगलवार शाम करीब 7.30 बजे श्यामू शराब पीकर घर पहुंचा। किसी बात पर उसकी किरण से कहासुनी शुरू हो गई।
मामला बढ़ा तो श्यामू ने उसकी पिटाई शुरू कर दी और उसके बाल पकड़कर खींचता हुआ सड़क पर ले गया। इसके बाद उसकी गर्दन पर बांके से ताबड़तोड़ कई वार किए। खून से लथपथ किरण सड़क पर तड़पने लगी। जब तक ग्रामीण उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश करते, उसने दम तोड़ दिया।