World COPD Day 2024: वैश्विक स्तर पर सांस संबंधी समस्याएं गंभीर चिंता का कारण बनी हुई हैं। क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) एक ऐसी बीमारी है जो फेफड़ों और वायु मार्ग को प्रभावित करती है। इस रोग के कारण आपका वायु मार्ग अवरुद्ध हो जाता है, जिससे सांस लेना मुश्किल हो सकता है। वायु मार्ग में सूजन और जलन की दिक्कत होने लगती है।
वैश्विक आंकड़ों के मुताबिक, फेफड़ों की इस बीमारी के कारण हर साल लाखों लोगों की मौत हो जाती है। सीओपीडी को वैश्विक स्तर पर मौत का चौथा प्रमुख कारण माना जाता है। फेफड़ों की इस बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाने और बचाव के उपायों को लेकर शिक्षित करने के उद्देश्य से हर साल नवंबर माह के तीसरे बुधवार को विश्व सीओपीडी दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष 20 नवंबर 2024 को सीओपीडी दिवस मनाया जा रहा है।
फेफड़ो की इस बीमारी से बचाव के लिए नियमित योगासनों का अभ्यास कर सकते हैं। योग फेफड़ों की सेहत का ख्याल रखने के साथ ही श्वसन समस्याओं को कम करते हैं और वायु मार्ग को बेहतर बनाते हैं। हालांकि, सीओपीडी से पीड़ित व्यक्ति को किसी विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए और ऐसे किसी भी आसन से बचना चाहिए जो सांस लेने में बाधा उत्पन्न करता हो।