शरीर की कई तरह की समस्याओं के जोखिम को कम करने के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी उम्र के लोगों को नियमित रूप से योगासनों के अभ्यास की सलाह देते हैं। योग, मांसपेशियों और हड्डियों को मजबूती देने के साथ अंगों की कार्यक्षमता को बढ़ाने और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने में आपके लिए विशेष लाभकारी हो सकते हैं। शरीर के पॉश्चर से लेकर पाचन तक के लिए विशेषज्ञ नियमित रूप से मत्स्यासन योग के अभ्यास को काफी कारगर मानते हैं। मत्स्यासन योग को फिश पोज के रूप में भी जाना जाता है, जिसके नियमित अभ्यास की आदत बनाकर शरीर को कई प्रकार के लाभ मिल सकते हैं।
योग विशेषज्ञ बताते हैं, मत्स्यासन योग का अभ्यास आसानी से किया जा सकता है। शरीर की बेहतर स्ट्रेचिंग के साथ रक्त के परिसंचरण को ठीक रखने में इसके लाभ देखे गए हैं। शरीर के पॉश्चर में गड़बड़ी के कारण पीठ और कमर में दर्द की समस्या हो सकती है, इस प्रकार के विकारों के जोखिम को कम करने में भी इस योग के अभ्यास से लाभ पाए जा सकते हैं। आइए मत्स्यासन योग के तरीके और इससे होने वाले फायदों के बारे में जानते हैं।