Krishna Janmashtami 2022: पुराणों के अनुसार, श्रीकृष्ण भगवान विष्णु के अवतार हैं। मथुरा के राजा कंस की बहन देवकी की कोख से नंदलाल का जन्म हुआ था। कान्हा का बचपन गोकुल और वृंदावन में माता यशोदा की देखरेख में बीता। बाद में मामा कंस का उद्धार करने के लिए श्री कृष्ण मथुरा वापस आ गए। मथुरा, गोकुल, वृंदावन और बरसाना में देवकीनंदन की शरारतों, खेल कूद की कई यादें और कहानियां मौजूद हैं। इन जगहों पर कई कृष्ण मंदिर हैं, जो पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश के मथुरा और उसके आसपास के जिलों में वासुदेव के मंदिरों के अलावा भी देश में कई बड़े कृष्ण मंदिर हैं। श्रीकृष्ण द्वारिका के राजा थे, जहां उनका राजमहल हुआ करता था। इसके अलावा उड़ीसा के पुरी में श्रीकृष्ण अपने बड़े भाई बलराम और बहन सुभद्रा के साथ भगवान जगन्नाथ के रूप में विराजमान हैं। इस बार 18 और 19 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जा रही है। इस मौके पर अगर आप भगवान श्रीहरि के मंदिर जाकर उनके दर्शन और पूजा अर्चना करना चाहते हैं तो यहां आपको देश के सबसे प्रसिद्ध कृष्ण मंदिरों के बारे में जानकारी दी जा रही है। इस कृष्ण जन्माष्टमी पर कान्हा के प्रसिद्ध मंदिरों के करें दर्शन।