Weekend Trip: अगर आप रोजमर्रा की भागदौड़ से ब्रेक लेकर कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के आसपास मिलने वाला लॉन्ग वीकेंड आपके लिए शानदार मौका हो सकता है। 28 अगस्त, शुक्रवार को रक्षाबंधन की छुट्टी है, जिसके बाद शनिवार और रविवार पर वीकेंड मिल रहा है। तीन दिन की छुट्टी आसानी से रक्षाबंधन पर मिल रही है। इसी तरह 4 सितंबर को जन्माष्टमी की छुट्टी है, इसके बाद भी वीकेंड है। इस तरह दो वीकेंड मिल रहे हैं।
लगातार छुट्टियों का फायदा उठाकर कम बजट में दोस्तों, परिवार या पार्टनर के साथ छोटी ट्रिप प्लान की जा सकती है। खास बात यह है कि घूमने के लिए हमेशा महंगी और दूर की जगह चुनना जरूरी नहीं है। दिल्ली-एनसीआर और आसपास रहने वाले लोग भी कुछ ऐसी खूबसूरत जगहों का रुख कर सकते हैं, जहां कम खर्च में अच्छा ट्रैवल एक्सपीरियंस मिल सकता है।
इस तरह की बजट ट्रिप के लिए पहले से होटल और ट्रांसपोर्ट बुक करना बेहतर रहता है, क्योंकि त्योहारों के दौरान लोकप्रिय जगहों पर भीड़ बढ़ सकती है और कीमतें सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा हो सकती हैं। अगर आपका बजट सीमित है, तो बस, ट्रेन या साझा कैब जैसे विकल्पों पर भी विचार कर सकते हैं।
ऋषिकेश के शांत घाटों से लेकर जयपुर की ऐतिहासिक गलियों और आगरा के मशहूर स्मारकों तक, वीकेंड में घूमने के लिए कई विकल्प मौजूद हैं। वहीं, मथुरा-वृंदावन जन्माष्टमी के दौरान खास धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल के लिए लोकप्रिय विकल्प हो सकते हैं।