World Children’s Day 2025 Wishes: विश्व बाल दिवस हर साल 20 नवंबर को मनाया जाता है। यह दिन सिर्फ बच्चों की खुशियों का उत्सव नहीं, बल्कि उनके अधिकारों, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मांग को मजबूत करने का वैश्विक अवसर है। यूनिसेफ ने इस दिन को इसलिए चुना ताकि दुनिया भर में बाल संरक्षण कानूनों, शिक्षा के अधिकार, स्वास्थ्य सेवाओं और समान अवसरों पर ध्यान दिया जा सके।
आज भी कई बच्चे शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, सुरक्षित माहौल और प्यार जैसी बुनियादी ज़रूरतों से वंचित हैं। कहीं बाल श्रम है, कहीं बाल विवाह, तो कहीं हिंसा और शोषण का साया। ऐसे में विश्व बाल दिवस यह याद दिलाता है कि बचपन सिर्फ उम्र का पड़ाव नहीं, बल्कि अधिकारों की इकाई है जो सुरक्षित होनी चाहिए, संजोई जानी चाहिए।
बाल दिवस पर शुभकामनाओं और संदेशों के जरिए जागरूकता फैलाई जाती है, क्योंकि शब्द बदलाव की पहली चिंगारी होते हैं। सोशल मीडिया पोस्ट, स्कूल कार्यक्रम, और व्यक्तिगत शुभकामनाएं ये सब बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों पर समाज का ध्यान खींचते हैं।
इसलिए 20 नवंबर का दिन हमें याद दिलाता है कि हर बच्चा सुरक्षित, शिक्षित और खुशहाल भविष्य का अधिकार रखता है और इसकी शुरुआत जागरूकता से ही होती है।