शादी के बाद अगर आप पहली बार साथी के साथ यात्रा पर जा रही हैं तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखकर अपनी यात्रा को आरामदायक और यादगार बना सकती हैं। जीवन का सर्वाधिक महत्वपूर्ण मोड़ होता है विवाह। शादी में दो व्यक्तित्व साथ जीने के लिए एक नए जीवन में प्रवेश करते हैं। ऐसे में एक-दूसरे को समझने के लिए साथ-साथ क्वालिटी टाइम बिताना, युगल का सपना भी होता है और जरूरत भी। सामान्यतः लाइफ पार्टनर जिंदगी के सफर की शुरुआत कुछ यात्राओं के साथ करते हैं। जीवनसाथी के साथ पहले सफर पर सबसे खास पल होता है। दंपत्ति अपनी इस यात्रा के लिए अत्यंत उत्साहित होते हैं। वे इसे यादगार बनाना चाहते हैं, चाहते हैं कि एक-दूसरे को कुछ खास अनुभव दे सकें। लेकिन कई बार अनजाने में कुछ ऐसा कर बैठते हैं कि यात्रा का आनंद खत्म हो जाता है और मन में परस्पर स्वभाव के बारे में कुछ गलतफहमियां बैठ जाती हैं। अगर आप अपने साथी के साथ पहली बार सफर पर जा रही हैं तो कुछ बातों का विशेष ध्यान रखें, ताकि नवजीवन की यह प्रथम यात्रा यादगार बन जाए।