फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Relationship Tips: खेल-खेल में मजबूत करें अपना हर रिश्ता, ये तरीके आएंगे आपके काम

Sat, 19 Apr 2025 11:27 AM IST
श्रुति गौड़ लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

बचपन में जब पूरा परिवार इकट्ठा होता था या फिर लाइट जाती थी तो अंताक्षरी खेली जाती थी। परिवार टीमों में बंटता था और हंसी, मुकाबले तथा रचनात्मक प्रतिभा से कुछ यादें बन जाती थीं। लेकिन आज ये पल कहीं खो गए हैं!
 
विज्ञापन
1 of 8
खेल-खेल में करें रिश्ते मजबूत - फोटो : Adobe Stock
स्नेहा और रोहन की शादी को छह साल हो चुके हैं। दोनों करियर की व्यस्तता के कारण वे एक-दूसरे को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। धीरे-धीरे उनकी बातचीत भी कम होती जा रही है और रिश्ते में उदासी आने लगी है। एक दिन स्नेहा ने ऑनलाइन एक मजेदार गेम ‘हू इज मोस्ट लाइकली टू?’ के बारे में पढ़ा और सोचा, क्यों न इसे आजमाया जाए। शाम को डिनर के बाद स्नेहा ने रोहन से कहा, “चलो, आज एक गेम खेलते हैं।”

पहले तो रोहन हिचकिचाया, लेकिन फिर मान गया। सवालों का सिलसिला शुरू हुआ, “सबसे ज्यादा चॉकलेट कौन खाता है?”, “कौन जल्दी गुस्सा हो जाता है?” धीरे-धीरे उनकी पुरानी यादें ताजा होने लगीं और वे हंसते-हंसते लोट-पोट हो गए। इस छोटे से गेम ने उनके रिश्ते में नई जान डाल दी। अब वे हर वीकेंड एक नया गेम आपस में और पूरे परिवार के साथ खेलते हैं, जो रिश्तों को मजबूत कर रहा है।
 
विज्ञापन

2 of 8
प्यार बढ़ाने के लिए गेम - फोटो : Freepik
प्यार बढ़ाने के लिए गेम

जानकारों के अनुसार, आज की भाग-दौड़ भरी जिंदगी में, जहां सभी अपने-अपने कामों में व्यस्त रहते हैं, वहां रिश्तों को समय देना और उन्हें मजबूत बनाना एक चुनौती बन गया है। लेकिन कुछ छोटे और मजेदार गेम्स से आप अपने रिश्तों को और भी गहरा तथा मजबूत बना सकती हैं। असल में, खेल न केवल मनोरंजन का स्रोत होते हैं, बल्कि आपको एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझने का मौका भी देते हैं। जब आप अपने साथी, दोस्तों या परिवार के सदस्यों के साथ खेलती हैं तो उनके स्वभाव, पसंद-नापसंद और सोचने के तरीके को अधिक नजदीकी से जान पाती हैं।

यह आपको उनके साथ जुड़ने और उनके प्रति और अधिक सहानुभूति विकसित करने में मदद करता है। गेम खेलने से हंसी-मजाक का माहौल बनता है, जिससे किसी भी तरह की दूरी और तनाव को कम किया जा सकता है। जब आप किसी हल्के-फुल्के खेल का हिस्सा बनती हैं तो अपनी रोजमर्रा की चिंताओं से कुछ देर के लिए मुक्त हो जाती हैं और पूरी तरह से उस क्षण का आनंद लेती हैं। इससे आपसी संबंधों में सकारात्मकता आती है। अगर आप भी अपने रिश्तों को मजबूत बनाना चाहती हैं तो कुछ हल्के-फुल्के गेम्स आजमा सकती हैं।

 
विज्ञापन

3 of 8
इंटरनेट करेगा मदद - फोटो : Adobe Stock
इंटरनेट करेगा मदद

इंटरनेट पर कई फनी गेम्स ट्रेंड में रहते हैं, जैसे- ‘गेस द सॉन्ग चैलेंज’, ‘फोटो को कैप्शन दें’ और ‘हू इज मोस्ट लाइकली टू’। इस तरह के गेम्स न केवल मनोरंजन का स्रोत होते हैं, बल्कि रिश्तों को भी मजबूत बनाने में मदद करते हैं।

आजकल अधिकतर लोग मोबाइल और लैपटॉप में व्यस्त रहते हैं, तब ऐसे गेम्स रिश्तों में गर्माहट और अपनापन बनाए रखने में सहायक होते हैं। गेम्स सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि आपसी समझ, बातचीत और हंसी-मजाक के जरिए रिश्तों को गहरा बनाने में भी मदद करते हैं। ऐसे में कुछ गेम्स को जानना जरूरी है।

गेस द सॉन्ग चैलेंज

इस गेम में एक व्यक्ति कोई गाना गुनगुनाता है और बाकी लोगों को उसे पहचानना होता है। इसे और मजेदार बनाने के लिए आप इसमें कुछ ट्विस्ट जोड़ सकती हैं, जैसे सिर्फ गाने के केवल बीच-बीच के बोल बोलना या बिना आवाज के इशारों से बताना। यह गेम म्यूजिक लवर्स के लिए परफेक्ट है और परिवार में हंसी-खुशी का माहौल बनाता है। असल में, हर दिन की भाग-दौड़ से रिश्तों में एकरसता आ जाती है और गेम्स रिश्तों में नई ऊर्जा और उत्साह भरते हैं।

 

4 of 8
हू इज मोस्ट लाइकली टू? - फोटो : Freepik
हू इज मोस्ट लाइकली टू?

यह गेम दोस्तों और परिवार के सदस्यों के बीच कनेक्शन बढ़ाने का एक बेहतरीन तरीका है। इसमें एक सवाल पूछा जाता है, जैसे- “सबसे ज्यादा खाने का शौकीन कौन है?”, “किसको सोना सबसे ज्यादा पसंद है” या फिर “कौन स्कूल में सबसे ज्यादा डांट खाता था।” इसका उत्तर सभी एक साथ देते हैं, जिससे एकदम घर में हंसी की गूंज फैल जाती है और माहौल खुशनुमा हो जाता है। यह गेम मजेदार होने साथ ही एक-दूसरे को और बेहतर ढंग से समझने में मदद करता है।

 
विज्ञापन

5 of 8
फोटो को कैप्शन दें - फोटो : Adobe
फोटो को कैप्शन दें

आप परिवार के सभी सदस्यों के साथ बैठकर अपने बचपन या हाल की फनी तस्वीरों को लेकर उन्हें मजेदार कैप्शन देने वाला गेम खेल सकती हैं। वीकेंड को मजेदार बनाने के लिए यह एक दिलचस्प एक्टिविटी हो सकती है, जो आपकी पुरानी यादों को ताजा करेगी।

साथ ही अगर आपके बीच कोई मनमुटाव चल रहा है तो उसे दूर कर आपको पास लाने में मदद करेगी। असल में, जब गेम खेलते समय हंसी-मजाक और चर्चा होती है तो आपस में बातचीत बढ़ती है और आपसी समझ बेहतर होती है। साथ ही बिताए गए ये पल यादगार बन जाते हैं, जो आगे चलकर रिश्तों को और भी खास बनाते हैं।

ऑनलाइन पजल्स और क्विज

अगर आप और आपके प्रियजन अलग-अलग शहरों में रहते हैं और मिलने का समय नहीं है तो शाम को सभी एक समय निर्धारित करके पजल्स और क्विज जैसे ऑनलाइन गेम खेल सकते हैं। पजल्स और क्विज गेम्स खेलकर आप साथ में समय बिता सकती हैं और अपने ज्ञान को भी बढ़ा सकती हैं, क्योंकि ऐसे गेम्स तनाव को दूर कर रिश्तों में मिठास भर देते हैं। साथ ही यह आपके बीच एक हेल्दी कंपटीशन करने का मजेदार जरिया भी है।

 
विज्ञापन

6 of 8
मल्टीप्लेयर वीडियो गेम्स - फोटो : AI
मल्टीप्लेयर वीडियो गेम्स

आजकल के बच्चे वीडियो गेम्स खेलना ज्यादा पसंद करते हैं। ऐसे में अगर आपको लग रहा है कि आपका अपने बच्चे या परिवार के अन्य किसी बच्चे के साथ संबंध कमजोर पड़ रहा है तो आप उसके साथ वीडियो गेम खेल सकती हैं।

बच्चों को इन मल्टीप्लेयर गेम्स की काफी जानकारी होती है, जो आप उनसे सीख सकती हैं। यह उनसे जुड़ने का एक अच्छा तरीका है। अधिकतर ऑनलाइन वीडियो गेम्स टीमवर्क पर आधारित होते हैं, जो एक-दूसरे की मदद करने और मिलकर काम करने की भावना को बढ़ावा देते हैं, जो रिश्तों में मधुरता लाती है।

 
विज्ञापन

7 of 8
खुशहाल पलों का आनंद - फोटो : freepik.com
बोर्ड और कार्ड गेम्स

लूडो, कैरम, चेस, स्क्रैबल बोर्ड गेम्स और ब्लफ, रम्मी जैसे कार्ड गेम्स बेहद मजेदार होते हैं। साथ ही बैठकर खेलने के लिए बेस्ट हैं। अगर आप बोर हो रही हैं और साथ बैठकर कुछ मजेदार खेलना चाहती हैं तो ये बेस्ट हैं। ऐसे ही आप हेवनली बॉडीज, आर्मी ऑफ टू, डार्क पिक्चर्स एंथोलजी और हैंगमैन जैसे गेम खेल सकती हैं।

खुशहाल पलों का आनंद

छोटे-मोटे गेम्स सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं होते, बल्कि ये रिश्तों को मजबूती से जोड़ने में भी सहायक होते हैं। चाहे ऑनलाइन गेम्स हों या ऑफलाइन बोर्ड गेम्स, हर गेम रिश्तों में हंसी-मजाक, आपसी समझ और प्यार को बढ़ावा देता है। लेकिन गेम खेलते समय प्रतिस्पर्धा की भावना को संतुलित रखना जरूरी है, ताकि आनंद बना रहे, क्योंकि खेल मनोरंजन के लिए है, न कि तनाव बढ़ाने के लिए। साथ ही एक-दूसरे का सम्मान करें, क्योंकि जीत-हार सभी के साथ होती है, लेकिन सकारात्मक माहौल बनाए रखना जरूरी है।

इसके साथ ही सभी की पसंद का ख्याल रखें, क्योंकि हर किसी को अलग-अलग गेम पसंद हो सकता है और खेल को ज्यादा गंभीर न बनाएं, क्योंकि गेम्स का असली मकसद मस्ती करना और रिश्तों को मजबूत बनाना है, जिससे सभी के बीच खुशहाल  और दोस्ताना माहौल बना रहे। इसलिए अगली बार जब आपको लगे कि रिश्तों में नयापन लाने की जरूरत है तो किसी मजेदार गेम का सहारा लें और अपने प्रियजनों के साथ खुशहाल पलों का आनंद उठाएं।

 
विज्ञापन

8 of 8
खुशहाल पलों का आनंद - फोटो : istock
सुखद अहसास का जरिया

फैमिली रिलेशनशिप काउंसलर, शोभना का मानना है कि रिश्तों का नाम चाहे कुछ भी हो, उनको पोषण एक-दूसरे पर ध्यान देने से ही मिलता है। किसी के साथ समय बिताना भी उस पर ध्यान देने का एक अवसर होता है। फिर जब हम मिलकर किसी गतिविधि में भागीदारी करते हैं तो हमारा यह सक्रिय सहयोग दूसरे व्यक्ति को सुखद अहसास कराता है। एक साथ मिलकर गेम खेलना भी एक ऐसा ही कार्य है, जो रिश्तों को सुदृढ़ता प्रदान करता है। फिर चाहे गेम फनी हो, चैलेंजिंग हो या जानकारी देने वाला, उसका मजा सभी साथ मिलकर उठाते हैं।

आज के दौर में हर व्यक्ति के पास समय की कमी है। अपने प्रियजनों के साथ कुछ समय बिताना आपको उनके प्रति खोल देता है। एक साथ मिलकर बैठना, गप्पें मारना, गेम्स खेलना, ये सभी न सिर्फ सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं, बल्कि आपसी संबंधों को भी पुष्ट करते हैं। इसलिए समय मिलने पर साथ बैठें और मजेदार गेम्स खेलें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें