कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण कई जोड़े यह पता लगाने को मजबूर हैं कि क्या सचमुच दूरियां बढ़ने से प्यार बढ़ता है। कोरोना वायरस का प्रसार रोकने के लिए सरकारों की कोशिशों ने कई प्रेमियों को दूर कर दिया है और यह भी तय नहीं है कि वे फिर कब मिल सकेंगे।
यूरोप से शेंगेन क्षेत्र में आने-जाने पर पहले कोई पाबंदी नहीं थी, वहां भी अब सरहदें बंद हैं और कुछ जोड़े पास रहने के बावजूद दूर हो गए हैं। आंद्रिया रोड और 10 साल से उनके साथी मार्कस ब्रैसेल इसी तरह के हालात में फंस गए हैं। आंद्रिया रोड दक्षिणी जर्मनी के कोन्स्तांज शहर को अपना घर कहती हैं, जबकि ब्रैसेल कुछ ही किलोमीटर दूर स्विट्जरलैंड के टगेर्विलन कस्बे में रहते हैं।
कार से दोनों के बीच की दूरी 10 मिनट की है, लेकिन 16 मार्च से जर्मनी और स्विट्जरलैंड की सीमा बंद है इसलिए उनका मिलना मुमकिन नहीं है। इस हालात में भी आंद्रिया और मार्कस ने हर रोज एक-दूसरे को देखने का रास्ता तलाश लिया है।