फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुरुष दिवस 2026: हमेशा मजबूत दिखने वाले मर्द भी अंदर से चाहते हैं ये 7 चीजें, जानें क्या है वजह

Tue, 17 Nov 2026 12:37 PM IST
शिवानी अवस्थी लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Men's Day 2026: अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस सिर्फ पुरुषों की उपलब्धियों का जश्न मनाने का दिन नहीं, बल्कि उनकी भावनात्मक और मानसिक जरूरतों को समझने का भी अवसर है। हर पुरुष की उम्मीदें अलग हो सकती हैं, लेकिन प्यार, सम्मान, भरोसा और भावनात्मक सहयोग की जरूरत सभी इंसानों को होती है। इस पुरुष दिवस पर अपने पिता, पति, भाई या बेटे से एक बार जरूर पूछिए- आप सच में कैसे हैं? हो सकता है, उसे इसी सवाल का लंबे समय से इंतजार हो।

विज्ञापन
1 of 5
mens day - फोटो : Ai

International Men's Day 2026: घर की जिम्मेदारियां हों, बच्चों की पढ़ाई हो, माता-पिता की देखभाल या परिवार की आर्थिक जरूरतें, अक्सर पुरुष से उम्मीद की जाती है कि वह हर परिस्थिति में मजबूत बना रहे। वह थका हो या परेशान, उसके चेहरे पर मुस्कान होनी चाहिए। नौकरी में तनाव हो या आर्थिक दबाव, परिवार के सामने उसे अपनी परेशानी जाहिर नहीं करनी चाहिए। बचपन से ही कई लड़कों को सिखाया जाता है कि मर्द रोते नहीं, कमजोर नहीं पड़ते और हर मुश्किल का सामना अकेले करते हैं। धीरे-धीरे यही सीख उनकी आदत बन जाती है।

लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि एक पुरुष अपने परिवार से वास्तव में क्या चाहता है? क्या उसे सिर्फ सम्मान और जिम्मेदारियों की जरूरत होती है या वह भी चाहता है कि कोई उसकी थकान समझे, बिना सवाल किए उसकी बात सुने और कभी उससे पूछे कि वह ठीक है या नहीं?

19 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर आइए बात करते हैं उन सात छोटी लेकिन महत्वपूर्ण उम्मीदों की, जिन्हें कई पुरुष पत्नी, मां, बच्चों और परिवार के दूसरे सदस्यों से कहना चाहते हैं, लेकिन अक्सर कह नहीं पाते।

Trending Videos
विज्ञापन

2 of 5
पुरुष दिवस पर जानिए मर्द क्या चाहते हैं - फोटो : AI

कभी बिना वजह पूछ लिया जाए कि आप कैसे हैं?

पुरुष अक्सर परिवार के हर सदस्य का हाल पूछते हैं, लेकिन उनसे कितनी बार कोई पूछता है कि उनका दिन कैसा रहा? वे चाहते हैं कि पत्नी या परिवार का कोई सदस्य कभी उनके मन की बात भी सुने। उन्हें भी ऐसा साथी चाहिए जिसके सामने वे बिना किसी डर के अपनी परेशानी बता सकें।

हर परेशानी का हल उनसे ही न मांगा जाए

घर में आर्थिक समस्या हो, कोई फैसला लेना हो या मुश्किल परिस्थिति आ जाए, सबसे पहले पुरुष की तरफ देखा जाता है। वे चाहते हैं कि परिवार मुश्किल समय में उनका साथ दे। हर जिम्मेदारी अकेले उठाने के बजाय परिवार के सदस्य भी मिलकर फैसले लें।

विज्ञापन

3 of 5
पुरुष दिवस पर जानिए मर्द क्या चाहते हैं - फोटो : AI

उनकी मेहनत की भी तारीफ हो

कई पुरुष परिवार के लिए अपनी इच्छाओं को पीछे रखकर काम करते हैं। वे चाहते हैं कि उनकी छोटी-बड़ी कोशिशों को पहचाना जाए। जरूरी नहीं कि हर बार कोई बड़ा तोहफा दिया जाए। कभी एक छोटा सा धन्यवाद या आपकी मेहनत दिखाई देती है, इतना कहना भी उनके लिए मायने रख सकता है।


उन्हें भी कभी आराम करने दिया जाए

परिवार के लिए कमाना और जिम्मेदारियां निभाना जरूरी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पुरुष को आराम की जरूरत नहीं होती। वे भी चाहते हैं कि कभी उन्हें बिना किसी अपराधबोध के अपने लिए समय मिले। दोस्तों से मिलना, पसंदीदा खेल देखना या कुछ देर अकेले रहना उनकी जरूरत हो सकती है।

4 of 5
पुरुष दिवस पर जानिए मर्द क्या चाहते हैं - फोटो : AI

उनकी भावनाओं का मजाक न बनाया जाए

कई पुरुष अपनी परेशानी इसलिए नहीं बताते क्योंकि उन्हें डर रहता है कि लोग उन्हें कमजोर समझेंगे। वे चाहते हैं कि जब वे दुखी हों या भावुक हों तो उनकी बात को गंभीरता से लिया जाए। रोना या अपनी परेशानी जाहिर करना कमजोरी नहीं, इंसानी भावना है।


पत्नी और परिवार से मिले भावनात्मक सहयोग

एक पुरुष के लिए भी रिश्तों में प्यार, अपनापन और भरोसा बेहद जरूरी है। वह चाहता है कि पत्नी के साथ उसका रिश्ता सिर्फ खर्चों और जिम्मेदारियों तक सीमित न रहे। दोनों एक-दूसरे की बातें सुनें, साथ समय बिताएं और मुश्किल दिनों में एक-दूसरे का सहारा बनें।

विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
पुरुष दिवस पर जानिए मर्द क्या चाहते हैं - फोटो : AI

उन्हें उनकी पहचान और पसंद के साथ स्वीकार किया जाए

शादी या परिवार की जिम्मेदारियों के बाद कई बार पुरुष अपनी व्यक्तिगत पसंद और सपनों को पीछे छोड़ देते हैं। वे चाहते हैं कि परिवार उनकी रुचियों, दोस्तों और व्यक्तिगत लक्ष्यों का भी सम्मान करे। उन्हें सिर्फ कमाने वाले या जिम्मेदार व्यक्ति के रूप में नहीं, बल्कि एक इंसान के रूप में भी देखा जाए।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें