मानसिक सेहत के लिए जरूरी
- फोटो : Adobe
मानसिक सेहत के लिए जरूरी
बहनों के बीच दोस्ती के अपने फायदे और नुकसान हैं। कई बार एक ही पेशे में होने से आपसी प्रतिस्पर्धा एवं ईर्ष्या उत्पन्न होने लगती है, जो रिश्ते को खराब कर सकती है। लेकिन बहनें वो दोस्त होती हैं, जिनके साथ आप जिंदगी भर बात कर सकती हैं, जो माता-पिता से ज्यादा आपको समझती हैं। आप उदास होती हैं तो चीयरलीडर बन हंसाती हैं। गलती करने पर माफी मांगना सिखाती हैं। रिलेशनशिप काउंसलर रचना कहती हैं, “बहनों के बीच भावनात्मक बॉन्डिंग गहरी होने से वे अपनी भावनाओं पर बेहतर नियंत्रण रख पाती हैं।” कई अध्ययन भी बताते हैं कि अच्छे दोस्त आपकी सेहत के लिए अच्छे होते हैं। वे आपके साथ अच्छे पलों का जश्न मनाते हैं और बुरे समय में आपका साथ देते हैं। अगर कहीं आपका आत्मविश्वास हिलता है तो उसे वापस लाने में मदद करते हैं। वे हर कठिन समय में आपका सहारा बनते हैं और फिर जब दो बहनें ही अच्छी दोस्त हों, तब तो कहना ही क्या!
वो आपको संबल देती है
जामिया मिलिया इस्लामिया, दिल्ली में मनोविज्ञान विभाग प्रोफेसर डॉ. नावेद इकबाल कहते हैं, भाई-बहनों में बहनों का रिश्ता सबसे मजबूत और गहरा होता है। उनमें वर्षों तक संपर्क और गहरी दोस्ती बनाए रखने की ज्यादा संभावना होती है। दशकों तक चलने वाला बहनों जैसा मजबूत रिश्ता अक्सर बड़ी उम्र की महिलाओं के लिए सबसे अनमोल दोस्ती का आधार बन जाता है। जब बाकी लोग साथ छोड़ देते हैं तो बहने ही एक-दूसरे का संबल बनती हैं। वे एक-दूसरे को जज किए बिना अपने सारे डर साझा करती हैं।
मनोविज्ञान में दो बहनों के रिश्ते को जटिल एवं गतिशील माना जाता है। यह रिश्ता प्रेम, सहयोग एवं समझ का स्रोत हो सकता है। इसमें ईर्ष्या, प्रतिस्पर्धा, झगड़े, मतभेद एवं मनभेद हो सकते हैं, लेकिन वे उन गिले-शिकवों को दूर करने की पूरी कोशिश करती हैं। बहनें अक्सर मजबूत भावनात्मक बंधन विकसित करती हैं और अपनी भावनाओं के बारे में ज्यादा खुलकर बात कर सकती हैं। उनकी रुचियां और अनुभव समान हो सकते हैं, जिससे गहरी दोस्ती को बढ़ावा मिल सकता है। बहनें चुनौतियों के दौरान एक-दूसरे का साथ देने की ज्यादा संभावना भी रखती हैं, एक-दूसरे का भावनात्मक सहारा बनती हैं और संघर्ष की साथी बनती हैं, इसलिए आपको कोशिश करनी चाहिए कि यह संबंध लंबा चले।