जब खाने की बात आती है तो हम सभी ऑर्गेनिक और फ्रेश उत्पादों की ओर भागते हैं, क्योंकि इनको स्वास्थ्य के लिए अच्छा माना जाता है। संतुलित जीवन जीने के लिए स्वस्थ विकल्पों का होना बहुत जरूरी है, लेकिन समय के साथ खान-पान से जुड़ी धारणाएं बदल रही हैं। आज पैकेज्ड फूड हम सबकी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है, क्योंकि यह कामकाजी लोगों के लिए काफी सुविधाजनक है। फिर चाहे वह घर से दूर रह रहे छात्र-छात्राएं हों, कामकाजी महिलाएं हों, बच्चे हों या शहर से दूर-दराज के स्थानों पर काम करने वाले लोग। इनके लिए डिब्बा बंद भोजन किसी वरदान से कम नहीं। ऐसे में सभी पैकेज्ड फूड से परहेज करने के बजाय आपको नुकसानदायक पैकेज्ड फूड से बचने के बारे में सोचना चाहिए।
पैकेट पर क्या लिखा है
आज के समय में पैकेज्ड फूड को पूरी तरह नजरअंदाज करना लगभग नामुमकिन है। कारण, ये खाने में स्वादिष्ट होते हैं, कहीं भी आसानी से उपलब्ध होते हैं, तरह-तरह की वैरायटी में मिलते हैं, लंबे समय तक चलते हैं, सस्ते और रेडी-टू-ईट होते हैं। इन खाद्य पदार्थों में फ्रोजन फूड, इंस्टेंट कप नूडल्स, प्रोसेस्ड ड्राई फ्रूट मिक्सचर, आलू चिप्स, बिस्किट, प्रोसेस्ड सेव, मिक्सर, भुजिया, नमकीन, स्नैक आइटम आदि शामिल हैं, जिनको चाय के साथ नाश्ते में खाना पसंद किया जाता है। इन खाद्य पदार्थों में अक्सर सोडियम की मात्रा अधिक होती है, एडिटिव्स और प्रिजर्वेटिव होते हैं और पोषक तत्वों की कमी होती है। इसलिए ऐसे भोज्य पदार्थ खरीदते समय आपको उनके पैकेट पर लिखी कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए।